कवर्धा / शौर्यपथ /
जिले में स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्थाओं की दशा-दिशा की जानकारी लेने एवं विभागीय समन्वय की स्थिति जानने के उद्देश्यों को लेकर गत 10 जून को कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के पदेन अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली। लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि और कार्यों की सम्पूर्ण रिपोर्टिंग की स्थितियों को केंद्रित करके श्री शर्मा ने समीक्षा की और कहा कि योजनाबद्ध तरीकों से कार्य करने पर स्थितियों को सुधारा जा सकता है।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यों की समीक्षा करते हुए पिछले सत्र की अपेक्षा वर्तमान जारी सत्र में संस्थागत प्रसव में संतोषजनक सुधार होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इस स्थिति में अधिक सक्रियता से कार्य करके आगे सत-प्रतिशत सुधार लाने की बात कही। उन्होंने शून्य से 5 वर्ष के सभी बालक -बालिकाओं व समस्त किशोरियों व महिलाओं का हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया मुक्त के लिए चलाए जा रहे मिशन 11 प्लस अभियान की भी जानकारी ली। उन्होंने सुपोषण के लिए दोनों सम्बन्धित विभागों को जल्द स्थिति सुधारने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि एनआरसी में बेड खाली होने से पहले वेटिंग लिस्ट रेडी रखें और लोगों को इस सेवा का लाभ दिलाएं। उन्होंने एनआरसी का अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया और कहा कि कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर उनके परिजनों की पर्याप्त काउंसलिंग कर एनआरसी का लाभ समझाएं, इस कार्य मे महिला बाल विकास की भूमिका भी उन्होंने स्पष्ट की। पंडरिया और जिला अस्पताल में चालये जा रहे एनआरसी में आवश्यकता पडऩे पर बिस्तर बढाने के लिए भी कलेक्टर ने कहा।
माहवारी सर्विलेंस जारी रखने के निर्देश
गर्भवतियों का जल्द से जल्द पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य दम्पत्तियों का माहवारी सर्विलेंस में तेजी लाने, गर्भवती महिलाओं के निर्धारित अंतराल में 4 जांच कर गर्भवती पंजीयन कार्ड में एंट्री करने के निर्देश भी श्री शर्मा द्वारा दिये गए।
आयुष्मान भारत के सम्बंध में जानकारी लेते हुए जिलाधीश ने हितग्राहियों के दस्तावेज पूर्ण न होने पर क्लेम रिजेक्ट होने पर नाराजगी जताते हुए 15 दिनों में 100 प्रतिशत ऑनलाइन अपडेट करने के लिए कहा। उन्होंने आयुष्मान कार्ड धारकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्यों से जिले के सभी पीएचसी में भी सेटअप तैयार होने की जानकारी ली।
स्वास्थ्य केंद्रों की भौतिक स्थितियों के सम्बंध में निर्माण एजेंसियों की संयुक्त बैठक लेकर जल्द से जल्द अधूरे कार्य पूर्ण करने के लिए विभाग को निर्देश दिया गया । कलेक्टर श्री शर्मा के द्वारा मानसून सत्र से पहले बिजली, पानी आदि आवश्यक व्यस्थाओ को सुनिश्चित रखने के लिए जिले की टीम को मॉनिटरिंग बढ़ाने के लिए भी कहा गया। उपरोक्त के अलावा स्वास्थ्य के क्षेत्र में समस्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर चलाये जा रहे कार्यक्रमों विशेष रूप से सुपोषण अभियान और हाट बाजार क्लिनिक योजना की समीक्षा भी बैठक में की गई। जनकल्याणकारी समस्त योजनाओं को जनता तक अधिक से अधिक पहुँचाकर शासकीय व्यवस्थाओं का लाभ अधिकतम जरूरतमन्दों तक पहुचाने की जिम्मेदारी को भी गम्भीरता से निभाने के लिए सम्बन्धित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग का मार्गदर्शन श्री शर्मा द्वारा किया गया। संजीवनी 108, महतारी 102 व बाइक एंबुलेंस सेवाओ की भी विस्तृत जानकारी बैठक में ली गई।
उक्त बैठक में जिला पंचायत सी ई ओ संदीप अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुजॉय मुखर्जी, महिला बाल विकास अधिकारी आनन्द तिवारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ पी सी प्रभाकर, सभी विकासखण्ड बीएमओ, डीपीएम सृष्टि शर्मा, समस्त कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी गण, समस्त बी पी एम, सीडीपीओ समेत सम्बन्धित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।