राजनांदगांव, / शौर्यपथ /
नगर पालिकाओं के आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत घुमका में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव द्वारा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण दल का गठन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत के लेखाधिकारी राजेश कुमार तिवारी को निर्वाचन व्यय संपरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं लेखा दल में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला घुमका के कार्यालय प्राचार्य कार्यालय के लेखापाल अतुल कुमार जैन तथा जनपद पंचायत राजनांदगांव के डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष देवांगन को शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय घुमका के सहायक ग्रेड-2 छमाधर शुक्ला को रिजर्व सदस्य के रूप में रखा गया है।
निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण दल का कार्यक्षेत्र रिटर्निंग ऑफिसर, नगर पंचायत घुमका के अधीन रहेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप यह दल चुनावी व्यय की निगरानी, अभिलेख परीक्षण एवं व्यय संबंधी प्रक्रिया का निरीक्षण करेगा, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।