Print this page

तेलंगाना के बाद KCR की नजरें दिल्ली पर जमी, कैसे कर रहे हैं BJP से टकराने की तैयारी

  • doing of business

       शौर्यपथ /तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव अब राज्य से बाहर आकर केंद्र की तरफ नजर जमा रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों से पहले उन्होंने राष्ट्रीय दल के गठन का ऐलान कर दिया है। इतना ही नहीं वह लगातार अलग-अलग राज्यों में जाकर विपक्षी दलों से मुलाकात भी कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि वह भारतीय जनता पार्टी का सामना अकेले या विपक्षियों को एकसाथ जुटाकर करेंगे। एक बार राजनीतिक स्थिति को समझते हैं।
दोनों पार्टियों की स्थिति
अगर तेलंगाना राष्ट्र समिति को देखें, तो पार्टी के अन्य राज्यों में कहीं भी चुने हुए प्रतिनिधि नहीं हैं। जबकि, भाजपा के तेलंगाना में ही कई सदस्य हैं। हैदराबाद निकाय चुनाव के बाद से ही भाजपा ने दक्षिण भारतीय राज्य में ही आक्रामक रूप से प्रचार कर रही है। साथ ही पार्टी के नेता भी राज्य के जमकर दौरे कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी ने तेलंगाना में दो उपचुनाव जीतने में भी सफलता हासिल की है।
ऐसी हो सकती है प्लानिंग
खास बात है कि अगर केसीआर नेशनल पार्टी लॉन्च करते हैं, तो यह दो तेलुगू राज्य यानी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पहली पार्टी होगी, जो राष्ट्रीय दल में बदल गई। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि नेशनल पार्टी लॉन्च करने के बाद भी केसीआर अगले विधानसभा चुनाव तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। बाद में वह लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
2018 से बना रहे हैं विपक्षी एकता की योजना
खबर है कि केसीआर की राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री की इच्छा काफी पुरानी है। वह साल 2018 में भी कांग्रेस को छोड़कर सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना चाह रहे थे, लेकिन 2019 में भाजपा की बड़ी जीत के बाद योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब 2022 में उन्होंने एक बार फिर दिल्ली की ओर नजरें जमाई हैं और बिहार, झारखंड, दिल्ली के मुख्यमंत्रियों समेत वे उद्धव ठाकरे, शरद पवार, एचडी कुमारस्वामी, एचडी देवगौड़ा जैसे नेताओं से मिल रहे हैं।
क्या कहते हैं जानकार
जानकारों का मानना है कि केसीआर तेलंगाना मॉडल के बारे में बात कर रहे हैं और उसे देशभर में लाना चाहते हैं। जबकि, तेलंगाना मॉडल कल्याण पर आधारित है, जिसमें रयथु बंधु और दलित बंधु जैसी कुछ ही योजनाएं हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत मौजूदगी के लिए उन्हें नए उपायों के साथ आना होगा।
नाम में भी छिपे हैं राज
5 अक्टूबर को तेलंगाना में जनसभा में पार्टी के नाम का ऐलान हो सकता है। हालांकि, अभी तक केसीआर या टीआरएस की तरफ से भी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन संभावनाएं जताई जा रही हैं कि केसीआर के राष्ट्रीय दल का नाम 'भारत राष्ट्र समिति', 'उज्जवल भारत पार्टी' और 'नया भारत पार्टी' हो सकता है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ