नई दिल्ली /शौर्यपथ /हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे लगभग 900 करोड़े के धोखाधड़ी का खेल पकड़ा गया और इम मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक चीनी नागरिक भी शामिल है। बताया जा रहा है कि इस मामले में विस्तृत जानकारी हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके देंगे।
अधिकारियों के मुताबिक साइबरक्राइम पुलिस ने दिल्ली और अन्य जगहों से संचालित होने वाले कुछ कॉल सेंटर पर छापा मारा था। इसके बाद फर्जी निवेश कराने वाली कंपनियों के बारे में जानकारी मिली। ये कंपनियां मोबाइल ऐप्लिकेशन के जरिए निवेशकों को ठगने का काम करती थीं।
आरोपी निवेशकों को कॉल सेंटर के जरिए संपर्क करके धोखा देते थे। इस काम में सैकड़ों लोगों के अकाउंट नंबर का इस्तेमाल किया जाता था। इन लोगों को भी आरोपी कमीशन देते थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद अन्य आरोपियों का भी पता चलेगा जो इस जालसाजी में शामिल थे। इसके बाद उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि यह पैसा चीनी कंपनी को भेजा जाता था। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। संभव है कि कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जाए।