धर्म संसार / शौर्यपथ / हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि को बेहद शुभ माना जाता है। हर मास के शुक्ल पक्ष की अंतिम तिथि को पूर्णिमा आती है और नए माह की शुरुआत होती है। इस साल माघ मास की पूर्णिमा 27 फरवरी 2021 (शनिवार) को है। शास्त्रों में इस दिन दान, स्नान और व्रत का विशेष महत्व होता है। माघ पूर्णिमा के दिन चंद्रमा अपनी पूर्ण कलाओं के साथ होता है।
माघ पूर्णिमा शुभ मुहूर्त-
माघ पूर्णिमा आरंभ- 26 फरवरी 2021 दिन शुक्रवार को शाम 03 बजकर 49 मिनट से।
माघ पूर्णिमा समाप्त- 27 फरवरी 2021 दिन शनिवार दोपहर 01 बजकर 46 मिनट पर।
माघ पूर्णिमा से जुड़ी अहम बातें-
- माघ में कल्पवास की परंपरा है। एक महीने तक हजारों लोग संगम तट पर रहकर व्रत और प्रतिदिन संगम स्नान करते हैं।
- माघ पूर्णिमा की पूर्णिमा पर चंद्रमा मघा नक्षत्र और सिंह राशि में होता है। इसलिए यह माघ मास कहलाता है।
- पुराणों के अनुसार, माघ पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु गंगा में निवास करते हैं। इसलिए इस दिन गंगा में स्नान और आचमन को शुभ फलकारी माना गया है।
-कहते हैं कि इस दिन गंगा स्नान करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
-माघ पूर्णिमा के दिन तिल, गर्म वस्त्र और कंबल का दान करने से नरक लोक से मुक्ति मिलने की मान्यता है।
माघ पूर्णिमा के दिन क्या करना चाहिए-
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, माघ पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करना चाहिए। इसके बाद माघ पूर्णिमा व्रत नियमों का पालन करना चाहिए। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा का भी विशेष महत्व होता है। माघ पूर्णिमा के दिन भगवान सत्यनारायण भगवान की कथा का पाठ करना चाहिए। गरीबों और जरूरतमंदों को दान देने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।