Print this page

कृमि से बचाव के लिए 6 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली 5 से 10 मई तक चलेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम

  • hanumaan janmotsav

राजनांदगांव /शौर्यपथ/

  राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सफलता को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पांच से 10 मई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में इस वर्ष जिले के 6 लाख से अधिक बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि से बचाव हेतुए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।  इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत कृमि से बचाव हेतु 5 से 7 मई तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा छूटे हुए बच्चों को 9 से 10 मई तक मॉप-अप दिवस के तहत कृमि से बचाव की गोली खिलाई जाएगी। जिले के 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के लगभग 6.20 लाख बच्चों को कृमि से मुक्ति दिलाने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम के लिए राज्य से प्राप्त गाइडलाइन के अनुसार जिले के समस्त विकासखंड को भी दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं। इस वर्ष बच्चों को मितानिन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से अपने कार्यक्षेत्र के सभी घरों का भ्रमण कर कृमिनाशक दवा दी जाएगी। एल्बेंडाजोल की गोली बच्चों और बड़ों के लिए सुरक्षित है। दवा खाने के उपरांत यदि कोई प्रतिकूल प्रभाव हो तो प्रबंधन के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपचार की व्यवस्था भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा रहेगी। कृमि मुक्ति दिवस पर बीमार बच्चों या पहले से कोई अन्य दवाई ले रहे बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली नहीं दी जाएगी। उन्होंने आगे बताया, भारत सरकार के निर्देशानुसार साल में 2 बार कृमिमुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग की भागीदारी होती है। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 से संबंधित जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, मॉस्क व सैनिटाइजर का प्रयोग किया जाएगा।

ऐसी होगी खुराक

1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली (200 एमजी) चूर्ण बनाकर पानी के साथ, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को 1 गोली पूरी तरह से चूर्ण बनाकर पानी के साथ तथा 4 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली (400 एमजी) चबाकर के पानी के साथ सेवन कराया जाएगा।
बाक्स...
यह गोली बच्चों को देना आवश्यक

कृमि संक्रमण चक्र की रोकथाम के लिए यह गोली बच्चों को देना आवश्यक है। कृमि बच्चों के स्वास्थ्य शिक्षा और संपूर्ण विकास को लंबे समय तक नुकसान पहुंचा सकते हैं। कृमिनाशक की गोली से बच्चों के संपूर्ण शारीरिक मानसिक विकास में मदद मिलती है। इसलिए कृमि नाशक गोली खिलाना आवश्यक है।

Rate this item
(0 votes)
Last modified on Friday, 06 May 2022 14:05
PANKAJ CHANDRAKAR

Latest from PANKAJ CHANDRAKAR