* स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट। सीएमएचओ डॉ मुखर्जी ने की कोविड टीकाकरण अवश्य करवाने की अपील।
* मलेरिया, डेंगू और कोविड के प्रति जागरूकता बढ़ाने स्वास्थ्य दल को भेजा जा रहा है डोर टू डोर।
कवर्धा। शौर्यपथ । मौसम के बदले मिजाज ने उमस बढाने के साथ मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढा दिया है। इसके अलावा जिले में कोविड के 32 एक्टिव मरीजों की संख्या से कोविड प्रकरणों की चिंता भी बढ़ गई है। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिलेवासियों से कोविड का सभी डोज़ उचित अंतराल में अवश्य लगवाने और कोविड से बचाव के सभी उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही साथ जिले वासियों को डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए प्रिवेंशन अभियान भी जारी कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुजॉय मुखर्जी के निर्देश पर नगर पालिका सी एम ओ नरेश वर्मा के सहयोग से आज से कवर्धा शहरी इलाकों में कोविड, डेंगू और मलेरिया खोज व जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुजॉय मुखर्जी ने इस सम्बंध में बताया कि जिले को मौसमी बीमारियों से बचाने के साथ-साथ कोविड से भी बचाने के लिए लगातार मुहिम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कड़ी में जिले भर के चिन्हांकित पहुच विहीन ग्रामों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन , समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नैक वेनम समेत आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किया जा चुका है। कोविड टीकाकरण के लिए जारी मुहिम को रफ्तार दिया गया है एवं कोविड जांच भी रोजाना बढ़ाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना तकरीबन 1000 औसतन कोविड जांच किया जा रहा है।
*क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित*
डॉ मुखर्जी ने बताया कि जिले में आपात काल के लिए जिला अस्पताल समेत सभी विकासखण्ड में सेक्टर वार क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस टीम को क्षेत्रवार कार्यविभाजन करके आपात कालीन स्थितियों में सक्रियता से त्वरित स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपातकालीन स्थितियों के लिए 07741232078 हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया गया है। इस नम्बर पर सम्पर्क करके स्वयं के या आस-पास के स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी दी जा सकती है।