समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
बालोद/शौर्यपथ / कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में सुशासन तिहार के अंतिम चरण के अंतर्गत आयोजित होने वाले समाधान शिविरों के बेहतर एवं सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों एवं सभी विभाग प्रमुखों की बैठक लेकर उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। श्रीमती मिश्रा ने बालोद विकासखण्ड के ग्राम लाटाबोड़ में आज आयोजित जिले के पहले समाधान शिविर के सफल आयोजन की सराहना करते हुए इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समाधान शिविरों के बेहतर एवं सफलतापूर्वक आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने सुशासन तिहार के अंतर्गत विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की। श्रीमती मिश्रा ने निराकरण हेतु शेष रह गए आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष सभी आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शत प्रतिशत आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने हेतु डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक नोडल अधिकारी श्रीमती प्राची ठाकुर को इसका समुचित माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए बारी-बारी से उसके निराकरण हेतु की जा रही कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में उन्होंने जिले में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के समीक्षा बैठक के तैयारियों की भी समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।