Print this page

कापू क्षेत्र में जमीन विवाद के बीच सरदार ने दुनाली बंदूक लहराई, धमकी का वीडियो वायरल

  • doing of business

   रायगढ़ / शौर्यपथ / कापू क्षेत्र में जमीन से जुड़े पुराने विवाद ने रविवार को अचानक तूल पकड़ लिया, जब विवादित भूमि पर पहुंचे एक सरदार व्यक्ति ने दुनाली बंदूक लहराकर दूसरे पक्ष को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना दोपहर करीब 1 बजे की है, जब दोनों पक्षों के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर तनातनी चल रही थी।
विवादित जमीन पर थी बुवाई की तैयारी
   सूत्रों के अनुसार, विवादित भूमि पर एक पक्ष की ओर से बुवाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष से जुड़े एक सरदार व्यक्ति वहां पहुंचा और तेज आवाज़ में विरोध करते हुए अचानक अपनी डबल बैरल बंदूक निकाल ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने कुछ लोगों को लक्ष्य कर धमकी भी दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने हथियार जब्त किया, एफआईआर दर्ज
 घटना की सूचना मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 (आपराधिक धमकी) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।  बंदूक जब्त कर ली गई है और लाइसेंस की वैधता की जांच की जा रही है। अगर लाइसेंस अवैध या समाप्त पाया गया, तो आरोपी पर और भी गंभीर धाराएं लग सकती हैं।
क्या है आरोपी की पृष्ठभूमि?
  मिली जानकारी अनुसार आरोपी सरदार व्यक्ति पूर्व में एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल से जुड़ा रहा है और जिला स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा चुका है। हालाँकि वर्तमान में उसकी कोई पदस्थ स्थिति नहीं है, मगर उसके कुछ प्रभावशाली नेताओं से निकट संबंध बताए जा रहे हैं।
  स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सरदार अक्सर जमीन से जुड़े मामलों में दखल देता है और खुद को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त बताता है। पुलिस इस पूरे मामले में राजनीतिक एंगल की भी जांच कर रही है।
गांव में दहशत, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
  घटना के बाद कापू गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस प्रकार से हथियार लहराकर लोग विवाद सुलझाने लगेंगे तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का कोई मूल्य नहीं रह जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाए तथा विवादित भूमि का स्थायी समाधान निकाला जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित विभाग से हथियार लाइसेंस की जानकारी भी मांगी गई है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ