राजनांदगांव / शौर्यपथ / परिवहन, आवास, पर्यावरण, वन व जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने विडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री मोहम्मबद अकबर ने शासकीय योजनाओं के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और गोधन न्याय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कहा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को रोजगार दिलाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और शासन की प्राथमिकता गौठान के कार्यों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि बरसात के बाद अब मनरेगा के कार्यों में गति आई है। श्रम मूलक कार्य के तहत गौठान, धान चबूतरा, भूमि समतलीकरण, नाली, पीडीएस दुकान का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें श्रमिक कार्य कर रहे है।
उन्होंने बताया कि मनरेगा में भारत शासन द्वारा श्रमिक बजट के तहत राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में 2 लाख 12 हजार परिवार पंजीकृत है, वहीं एक करोड़ 49 लाख श्रमिक बजट प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में श्रमिक अधिक हैं, वहां डबरी, तालाब गहरीकरण के काम ज्यादा दिए जा रहे हैं।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम ने बताया कि मनरेगा के तहत 64.47 करोड़ की लागत से 470 धान चबूतरा, 13 नवीन पंचायत भवन, 46 आंगनबाड़ी भवन, 28 पीडीएस भवन, 1 लाख 16 हजार ट्री गार्ड, 4 हजार 600 कंपोस्ट टैंक, 158 स्व-सहायता समूह गोधन शेड, 262 गौठान के निर्माण की स्वीकृति हुई है। इसके अलावा मुक्तिधाम, नाली एवं आहता निर्माण के कार्य भी किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि नरवा संवर्धन के लिए गेबियन स्ट्रक्चर एवं अन्य संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इस अवसर पर उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं सभी जनपद सीईओ उपस्थित थे।