मृणेन्द्र चौबे राजनांदगांव/शौर्यपथ / नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट को पार्षद रवि सिन्हा ने विकासोन्मुख, दूरदर्शी और जनहितकारी बताया है। उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में निगम ने संतुलित और प्रभावशाली बजट पेश किया है, जो शहर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। पार्षद सिन्हा ने कहा कि बजट की खास बात यह है कि पूर्व वर्षों में घोषित कार्यों का लगातार क्रियान्वयन जारी है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है। यही कार्यशैली जनता के विश्वास को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि बजट में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अधोसंरचना विकास के साथ-साथ शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
0 गंजपारा स्कूल के उन्नयन पर जोर
पार्षद रवि सिन्हा ने वार्ड 39 स्थित गंजपारा प्राथमिक इंग्लिश मीडियम स्कूल के उन्नयन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उपेक्षित इस स्कूल को अब आधुनिक हाईटेक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग और बेहतर अधोसंरचना की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने इस कार्य के लिए महापौर मधुसूदन यादव का आभार जताते हुए कहा कि त्वरित निर्णय और सकारात्मक सोच के कारण यह योजना साकार हो रही है। पार्षद सिन्हा ने कहा कि यह बजट राजनांदगांव के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप है और इससे स्पष्ट होता है कि सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने निगम प्रशासन को बजट के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि इससे शहर को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और आम जनता को सीधा लाभ होगा।