बालोद /शौर्यपथ। नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2026 तथा त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के कार्यक्रम की घोषणा के संबंध में आज संयुक्त जिला कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक ने निर्वाचन कार्यक्रम, प्रक्रिया एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।
श्री कौशिक ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने निर्वाचन कार्यक्रम की तिथियों, नामांकन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदाता सूची, आचार संहिता के पालन तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश कुमार ठाकुर सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्रदान की।