Print this page

मन की बात क्विक में अलका चंद्राकर ने पूरे देश में बनाई टॉप 10 में जगह प्रधानमंत्री मोदी ने भेजा बधाई संदेश

  • doing of business

दैनिक शौर्यपथ महासमुंद जिला ब्यूरो संतराम कुर्रे
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ से जुड़ी राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में महासमुंद की अलका चंद्राकर ने पूरे देश में टॉप-10 में स्थान हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई संदेश भेजते हुए उनके प्रयासों की सराहना की है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम और उससे जुड़ी क्विज में उनकी रुचि एवं सहभागिता प्रेरणादायक है। उन्होंने लिखा कि यह सहयोग देशवासियों के सामूहिक प्रयासों और प्रेरणादायक कार्यों को उजागर करने की इस यात्रा की मजबूत नींव है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अलका चंद्राकर जैसे नागरिक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा देश को अधिक सशक्त, समावेशी, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अलका चंद्राकर ने बताया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक है, जिसमें समाज के उन सामान्य नागरिकों की प्रेरक कहानियां साझा की जाती हैं जो जमीनी स्तर पर बदलाव ला रहे हैं। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के नवाचार, कृषि के नए प्रयोग, स्वयं सहायता समूहों, खिलाड़ियों, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, नवीकरणीय ऊर्जा, स्टार्टअप और स्वदेशी कला एवं शिल्प जैसे विषयों को प्रमुखता से स्थान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इन प्रेरक कार्यों के माध्यम से देश में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हैं तथा नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
गौरतलब है कि अलका चंद्राकर इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें नई दिल्ली के ताज होटल में आयोजित कार्यक्रम में पूरे देश से चयनित चार डिस्ट्रीब्यूटरों में शामिल होने का अवसर मिला था। उन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सेल्फी अभियान में उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा भाजपा सदस्यता अभियान में 10 हजार से अधिक सदस्य बनाने पर ‘सदस्यता रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। वर्तमान में वे एमएसटीसी (इस्पात मंत्रालय), नई दिल्ली में स्वतंत्र निदेशक के रूप में मनोनीत हैं।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ