दैनिक शौर्यपथ / महासमुंद जिला ब्यूरो संतराम कुर्रे
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुखरीडबरी, नर्रा एवं परसुली में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तीनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 162 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे पर खुशी नजर आई और विद्यालय तक आवागमन की सुविधा आसान हुई।
ग्राम सुखरीडबरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 51 छात्राओं, ग्राम नर्रा स्थित शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 64 छात्राओं तथा ग्राम परसुली स्थित शासकीय श्री बूढ़ादेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 47 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय आने-जाने के दौरान छात्राओं को होने वाली कठिनाइयों को यह योजना काफी हद तक दूर कर रही है। साइकिल मिलने से आवागमन सुगम होने के साथ छात्राओं में आत्मविश्वास भी बढ़ता है और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनके भविष्य को संवारने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास को भी मजबूत आधार प्रदान करता है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए संचालित योजनाएं सराहनीय हैं।
तीनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही सहभागिता
सुखरीडबरी में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच जानकी ठाकुर ने की। कार्यक्रम में अलका चंद्राकर, निदेशक एमएसटीसी लिमिटेड, डिम्पल डाली ध्रुव, भाजपा मंडल अध्यक्ष बागबाहरा शहर, लोकेश पुनुरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष खल्लारी, कृष्णा चक्रधारी, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, संजय मालवे, सांसद प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उमेश्वर ठाकुर ने किया तथा आभार कामेश्वरी साहू ने व्यक्त किया।
नर्रा में कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष रूपेंद्र साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच नामेश्वरी दिवाकर, पूर्व जनपद सदस्य उमेश जैन, टेकराम पटेल, भाजपा मंडल महामंत्री लेखमणि पटेल, उपसरपंच लोकनाथ पटेल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परसुली में कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष डिगेश्वरी साहू ने की। जनपद सदस्य लता कुम्हार, सरपंच जलसिंह चक्रधारी, सरपंच परकोम प्रभा पटेल, सरपंच पंडरीपानी लीला दीवान, सरपंच खट्टी खिलेश्वरी सिन्हा, भाजपा मंडल महामंत्री कोमाखान लेखमनी पटेल, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष किरण यदु सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मेहनत और लगन से आगे बढऩे का संदेश
भीखम सिंह ठाकुर ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी नींव है।" उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।