70 से अधिक समितियों के साथ एसपी अंकिता शर्मा ने बनाई समन्वित कार्ययोजना, बड़े व संवेदनशील पंडालों में तैनात होंगे ‘पंडाल पुलिस मित्र’
राजनांदगांव । शौर्यपथ । आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय में शहर की 70 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में ‘One Cop–One Pandal’ पहल की जानकारी देते हुए बड़े, मध्यम एवं संवेदनशील गणेश पंडालों में ‘Pandal Police Mitra’ तैनात करने की बात कही गई। ये पुलिस और समितियों के बीच निरंतर समन्वय का कार्य करेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे।
एसपी ने समितियों को पंडालों में प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, दर्शन के लिए कतार, पार्किंग और यातायात की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एंबुलेंस और फायर वाहन सहित आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग हमेशा खुला रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पंडालों में CCTV, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था के साथ महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान नशे में उपद्रव, हथियारों का प्रदर्शन, जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने तथा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और उत्साह का पर्व है। पुलिस और उत्सव समितियां आपसी समन्वय से कार्य करेंगी, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में गणेश दर्शन कर सके और उत्सव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।