Print this page

रायगढ़ में बनेगा एआई एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को मिलेंगे नई तकनीक और नवाचार के अवसर

  • doing of business

‘रायगढ़ की एआई उड़ान’ कार्यशाला में 1500 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी; आईआईआईटी नया रायपुर के सहयोग से विकसित होगा एआई इकोसिस्टम

रायपुर / शौर्यपथ। रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की आधुनिक तकनीक से जोड़ने, इसके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देने और नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले में एआई एक्सीलेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर यह घोषणा की।

‘रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ थीम पर आयोजित कार्यशाला में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और तकनीक में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को एआई की संभावनाओं और उसके विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आईआईआईटी नया रायपुर के सहयोग से रायगढ़ में एआई से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रस्तावित एआई एक्सीलेंस सेंटर में एआई से संबंधित गतिविधियों का चरणबद्ध विस्तार किया जाएगा। जिले के चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को आईआईआईटी नया रायपुर के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर को युवाओं की बदलती जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में यहां एआई के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे युवाओं को नई तकनीक सीखने, उसका प्रयोग करने और अपने विचारों को नवाचार में बदलने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर से बनेंगे नए अवसर

श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नई और भविष्य की तकनीकों को लेकर तेजी से कार्य किया जा रहा है। नया रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में विकसित हो रही संभावनाएं प्रदेश के तकनीकी परिदृश्य को नया विस्तार देंगी। एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों के विकास से युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे।

उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीकी दुनिया के साथ कदमताल करते हुए नई तकनीकों को समझने और उनके रचनात्मक उपयोग की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

एआई यूनिकॉर्न के सवाल पर छात्र नैतिक ने दिया जवाब

कार्यशाला के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए एआई में ‘यूनिकॉर्न’ की अवधारणा से संबंधित सवाल पूछा। कक्षा 12वीं के छात्र नैतिक अग्रवाल ने इसका जवाब देते हुए बताया कि एआई तकनीक पर काम करने वाले किसी स्टार्टअप का बाजार मूल्य एक अरब डॉलर से अधिक हो जाने पर उसे ‘एआई यूनिकॉर्न’ कहा जाता है।

नैतिक के जवाब की सराहना करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस संवाद ने कार्यशाला में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और तकनीकी विषयों के प्रति उनकी रुचि को भी सामने रखा।

नई तकनीक सीखें और उसका रचनात्मक उपयोग करें : सांसद विजय बघेल

दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने युवाओं को नई तकनीकों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एआई तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। युवाओं को इसकी जानकारी हासिल करने के साथ ही इसके सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं युवाओं को भविष्य की तकनीकी संभावनाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आईआईआईटी नया रायपुर के विशेषज्ञों ने दी एआई की जानकारी

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अंतर्गत आईआईआईटी नया रायपुर के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

आईआईआईटी नया रायपुर के कुलपति एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) ओ.पी. व्यास के नेतृत्व में एआई विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिभागियों को एआई की वर्तमान क्षमताओं तथा शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, व्यवसाय, रोजगार और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में इसके उपयोग की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से रायगढ़ की स्थानीय आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान में एआई आधारित तकनीकों की संभावनाओं को भी समझाया। कार्यशाला को रायगढ़ में दीर्घकालिक एआई इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और चयनित प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ