Print this page

सूरजपुर के राज्योत्सव में संस्कृति, विकास और प्रतिभाओं का संगम

  • doing of business

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, बोलीं—राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, लोकनृत्य, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सूरजपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। राज्यगीत के गायन के बीच इस वर्ष की ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम ने महिला सशक्तिकरण और युवा शक्ति के संकल्प को प्रमुखता से प्रस्तुत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले पुरखों को नमन किया। उन्होंने कहा कि 26 वर्षों की विकास यात्रा में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने सूरजपुर जिले में जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति देने की बात कही और विकसित सूरजपुर के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने भी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के संकल्प को साकार करने में सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी।

उत्कृष्ट कार्यों और प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस विभाग के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय श्रीमती रानी गुप्ता को 2,100 रुपये तथा तृतीय श्रीमती कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत प्रथम, स्वास्थ्य विभाग द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

लोकसंस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों ने जीता दिल

समारोह में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की पाक कला प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कर्मा नृत्य और आमंत्रित कलाकारों के लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में जिला प्रशासन ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ