Print this page

बगिया बैराज सिंचाई परियोजना से बदलेगी जशपुर के 13 गांवों की तस्वीर, 3,921 किसानों को मिलेगा लाभ

  • doing of business

 

79.38 करोड़ की परियोजना का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भूमिपूजन, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

मोबाइल से संचालित होगी आधुनिक सिंचाई व्यवस्था, खरीफ के साथ रबी फसल की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा

 

रायपुर। जशपुर जिले में कृषि विकास और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। वहीं 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी और वे खरीफ के साथ रबी फसल का उत्पादन भी कर सकेंगे। इससे एक वर्ष में एक से अधिक फसल लेने की संभावनाएं बढ़ेंगी और किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

इस परियोजना की खास विशेषता आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई प्रणाली है। इसके संचालन को मोबाइल माध्यम से नियंत्रित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की तकनीक पर आधारित पहली परियोजना बताते हुए कहा कि इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा। किसानों को जरूरत के अनुसार समय पर पानी उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

मैनी नदी पर बनेगा बैराज, 13 गांवों तक पहुंचेगा लाभ

परियोजना के तहत मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में बैराज का निर्माण किया जाएगा। इससे बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाओं से जोड़ना, खेती की लागत कम करना और कृषि उत्पादन बढ़ाकर उनकी आय में निरंतर वृद्धि करना है। उन्होंने परियोजना को हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ