Print this page

बड़े सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और मजबूत संकल्प जरूरी : ओ.पी. चौधरी

  • doing of business

तखतपुर में 4.50 करोड़ की लागत से बनेगा 250 सीटर नालंदा परिसर, वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास; विद्यार्थियों को भेंट करेंगे कैरियर मार्गदर्शन की एक हजार पुस्तकें

तखतपुर/ / शौर्यपथ / वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना, मजबूत संकल्प रखना और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करना जरूरी है। संसाधनों की कमी और कठिन परिस्थितियां भी दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने बाधा नहीं बन सकतीं। विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेकर आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

बिलासपुर जिले के तखतपुर में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास किया। वहीं, 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन भी किया। जीएमपी स्कूल के समीप बनने वाला यह परिसर क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर बताया

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए श्री चौधरी ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई, जहां शिक्षकों और शैक्षणिक संसाधनों की कमी थी। सिविल सेवा की तैयारी के दौरान किताबें जुटाना भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने कठिनाइयों के आगे हार नहीं मानी।

मसूरी स्थित प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी में प्रवेश नहीं मिलने का प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उसी दिन उन्होंने संकल्प लिया था कि एक दिन आईएएस अधिकारी बनकर ही इस अकादमी में प्रवेश करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने सपनों को कभी छोटा न रखें और लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध मेहनत करें।

प्रदेश के 22 स्थानों पर विकसित हो रहे नालंदा परिसर

वित्त मंत्री ने कहा कि अध्ययन के दौरान पुस्तकालय और बेहतर सुविधाओं की कमी को उन्होंने स्वयं महसूस किया था। इसी अनुभव से युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र विकसित करने की प्रेरणा मिली। रायपुर कलेक्टर रहते हुए लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया गया, जहां वर्तमान में करीब तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के 22 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि तखतपुर का परिसर आगामी एक से डेढ़ वर्ष में तैयार होकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

कैरियर मार्गदर्शन के लिए एक हजार पुस्तकें देने की घोषणा

श्री चौधरी ने विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं कक्षा से ही अपने कैरियर का लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किस क्षेत्र में जाना है, कौन-सी परीक्षा देनी है और उसकी तैयारी कैसे करनी है, इसकी स्पष्ट योजना विद्यार्थियों के पास होनी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने कैरियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देने वाली एक हजार पुस्तकें तखतपुर को उपलब्ध कराने की घोषणा की।

सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति का भरोसा

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक धरमजीत सिंह ने नालंदा परिसर को क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही 47 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरीय अस्पताल सहित विभिन्न स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी दी।

वित्त मंत्री ने क्षेत्र की सिंचाई जरूरतों को देखते हुए नर्मदा व्यपवर्तन योजना सहित दो सिंचाई कार्यों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने किसानों से धान विक्रय के दौरान कोचियों और बिचौलियों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान एवं सिविल सेवा से जुड़े सवाल पूछे गए। सही जवाब देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को एक हजार रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ