Print this page

नर्सिंग की रिक्त सीटों पर दूसरे और मॉप-अप राउंड की संयुक्त काउंसिलिंग शुरू, 22 नवंबर तक करें आवेदन

  • doing of business

बीएससी, एमएससी सहित चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर; नए अभ्यर्थियों को पंजीयन की सुविधा, सभी पात्र उम्मीदवारों के लिए दोबारा विकल्प लॉक करना अनिवार्य

रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे (मॉप-अप राउंड) चरण की संयुक्त ऑनलाइन काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है, जो 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, इस प्रक्रिया में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इस चरण में नए अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थियों को भी संस्थाओं और पाठ्यक्रमों का पुनः चयन करना होगा।

विकल्प भरकर लॉक करना अनिवार्य
संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरकर लॉक करना अनिवार्य किया गया है। पहले चरण में प्रवेश प्राप्त कर चुके पात्र उम्मीदवारों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी मिलेगा।

10 पर्सेंटाइल वालों को भी मौका
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में पंजीयन कर संस्थाओं का चयन कर सकेंगे। यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
समिति के अनुसार, शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 एवं 11 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा।
अभ्यर्थी काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर नियमित रूप से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ