क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहयोग; पात्र खिलाड़ियों से 30 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित
रायपुर / शौर्यपथ / ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से 30 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों की खरीदी हेतु सहायता दी जाएगी। वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम तीन लाख रुपए, दोनों में से जो राशि कम होगी, उतनी प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी। खेल उपकरणों के मामले में खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या उपकरण के बाजार मूल्य में से कम राशि मान्य होगी।
छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना जरूरी है। एक वित्तीय वर्ष में खिलाड़ी को केवल एक बार सहायता मिलेगी। प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए चयन पत्र और प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यात्रा खर्च के लिए वास्तविक टिकट तथा खेल उपकरणों के लिए प्रमाणित कोटेशन और दरों का विवरण देना होगा।
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज
आवेदन के साथ मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक या रद्द चेक, पासपोर्ट आकार का फोटो, प्रतियोगिता का चयन पत्र एवं प्रमाण पत्र, यात्रा टिकट और खेल उपकरणों का प्रमाणित कोटेशन संलग्न करना होगा। इसके अलावा प्रभारी मंत्री की अनुशंसा अथवा अनुमोदन की प्रति भी आवश्यक होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपूर्ण आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में प्राप्त आवेदन तथा अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। गलत जानकारी देने पर आवेदन निरस्त करने के साथ स्वीकृत राशि की वापसी भी की जा सकती है। सहायता राशि की स्वीकृति का अधिकार संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग को होगा।
30 नवंबर तक यहां भेजें आवेदन
इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 के पते पर भेज सकते हैं।
आवेदन प्रारूप एवं विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2262177, 0771-2262178 अथवा ई-मेल This email address is being protected from spambots. You need JavaScript enabled to view it. पर संपर्क किया जा सकता है।