उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जनजातीय समाज के उत्थान और संस्कृति संरक्षण को बताया सरकार की प्राथमिकता
बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा के लिए 10 लाख और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा
कांकेर । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में कांकेर जिला मुख्यालय में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापना के लिए 10 लाख तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद भोजराज नाग ने की। विधायक आशाराम नेताम एवं विक्रम देव उसेंडी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री साव ने आदिवासी समाज के आंगादेव की परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
अपने संबोधन में श्री साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि देश के जनजातीय नायकों के योगदान और गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान मिले। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और रोजगार सहित सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम जनमन योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहल इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान मिल रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में जनजातीय समाज की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इस अवसर पर उन्होंने जिले की प्रमुख विभूतियों और प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने शिक्षा के प्रसार और नशामुक्ति को समाज की प्राथमिकता बताते हुए इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। वहीं विधायक विक्रम देव उसेंडी ने जनजातीय समाज से शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।
कार्यक्रम में गोंडवाना समाज के संभागीय अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग एवं महेश जैन ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नेरेटी, उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित थे।