Print this page

रायपुर में राष्ट्रीय मिनी बैडमिंटन स्पर्धा का आगाज, 30 राज्यों के 250 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

  • doing of business

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ, बोले– छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना लक्ष्य

रायपुर/शौर्यपथ। राजधानी के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर श्री साव ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन में धैर्य, चपलता, एकाग्रता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को देशभर की प्रतिभाओं से सीखने और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर देती हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश में बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना है।

उन्होंने एशियन पैरा गेम्स-2026 में पैरा बैडमिंटन का कांस्य पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के अभिजीत सखूजा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन्हें 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
कार्यक्रम में खेल विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विक्रम सिसोदिया, सचिव श्री संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष श्री संजय भंसाली सहित खेल अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ