सुबह 11 बजे संविधान की उद्देशिका का होगा सामूहिक वाचन, स्कूल-कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं
रायपुर/शौर्यपथ। भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में आज 26 नवंबर को छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम, संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य शासन ने संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को MY Gov पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है। यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।
विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं
18 से 26 नवंबर तक MY Gov पोर्टल पर आयोजित संविधान प्रश्नोत्तरी में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, 24 से 26 नवंबर तक आयोजित विकसित भारत युवा संवाद में भी युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
जिलों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
संस्कृति विभाग के सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नामांकित किया जाए। आयोजित गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या और कार्यक्रमों का विस्तृत प्रतिवेदन फोटोग्राफ्स सहित संस्कृति विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
संविधान दिवस के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को संविधान के मूल्यों, अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।