रायपुर /शौर्यपथ / कोविड वैक्सीनेशन की जिला नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर सुश्री सिम्मी नाहिद ने वर्चुअल बैठक लेकर जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन एवं शिशु संरक्षण माह और पल्स पोलियो अभियान की जानकारी हासिल कर जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अनिल परसाई द्वारा गत दिनों हुई गतिविधियों एवं वैक्सीनेशन की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी दी गयी ।
इस बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अनिल परसाई ने बताया,“कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर भारत सरकार से जो भी गाइडलाइन समय समय पर मिलती है उसके तहत गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है । वर्चुअल बैठक के माध्यम से समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का नियमित उन्मुखीकरण किया जा रहा है और प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है साथ ही माह जनवरी 2021 में चलने वाले शिशु संरक्षण माह एवं 17 से 19 जनवरी 2021 में आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान पर भी नोडल अधिकारी द्वारा संतोष व्यक्त किया गया ।
वैक्सीनेशन की ज़िला नोडल अधिकारीडिप्टी कलेक्टर सुश्री सिम्मी नाहिद ने निर्देश दिया है कि विशेष रूप से शासकीय कर्मचारी एवं अशासकीय क्षेत्र में कार्यरत स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को कोविड-19 के वैक्सीनेशन के लिए प्रविष्टि कर दिया जाये और इसका प्रमाण पत्र देने को विकासख़ण्ड स्तर के समस्त अधिकारियों को कहा गया है ।
इसके अलावा विकासखंड स्तर पर भी एसडीएम या तहसीलदार की अध्यक्षता में ब्लॉक फोर्स की बैठक भी प्रत्येक गुरुवार को नियमित रूप से करने के निर्देश दिये है । यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों का समय सीमा में चिन्हित कर जानकारी ज़िला स्तर पर भेजी जाये । एवं भारत सरकार की गाईड लाइन का पूर्ण रुप से पालन किया जाये ।वैक्सीनेशनके लिए दी गई गाइडलाइन के तहत निरीक्षण किया जाए । वैक्सीनेशन के स्थान पर बिजली पानी साफ-सफाई और हवादार कमरे की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए । उनकी अद्यतन स्थिति से जिला कार्यालय को भी अवगत कराया जाए । साथ ही प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से जिला स्तर पर वर्चुअल बैठक का आयोजन कर जिला टीकाकरण अधिकारी समस्त जानकारियों से विभाग को अवगत कराएंगे ।