Print this page

खिलाड़ियों के भोजन में लापरवाही पर खेल विभाग सख्त, 24 घंटे में मांगा जवाब

  • doing of business

  बिलासपुर / शौर्यपथ / बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायत पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने संबंधित सहायक संचालक और भोजन प्रदायक फर्म को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी और भोजन प्रदायक फर्म से जवाब तलब किया है। शिकायत में सामने आए तथ्यों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए संचालनालय स्तर से दो खेल अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है।
समिति बहतराई स्थित सेंटर का स्थल निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी तथा जांच के बाद तथ्यात्मक प्रतिवेदन संचालनालय को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर वस्तुस्थिति के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन सर्वोच्च प्राथमिकता
संचालक श्रीमती खलखो ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, गुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जांच में अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं को खिलाड़ियों के हित में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, डाइट और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ