
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किए विकास कार्यों का शुभारंभ, शहर के लिए चार बड़े कार्यों की घोषणा
रायगढ़ / शौर्यपथ / सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के विकास को गति देने सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण आवासों की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने शहर के विकास के लिए चार नए बड़े कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़, रामलीला मैदान में विकास, मंच एवं पवेलियन के लिए 5 करोड़, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ तथा केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल हैं।
रायगढ़ को विकसित जिला बनाने तेज गति से काम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसे विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपए के अतिरिक्त कार्यों की सूची दी गई है, जिनकी शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ढाई साल में नगर निगम को 384.66 करोड़ की स्वीकृति : चौधरी
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन, पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन, तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर तथा कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर कार्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की भी जानकारी दी।
श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल, सभापति श्री डिग्री लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, पार्षदगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
