Print this page

छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज की अहम भागीदारी : मुख्यमंत्री साय

  • doing of business

व्यापार, शिक्षा और उद्योग में समाज ने बनाई विशिष्ट पहचान; रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना से बढ़ेंगी आर्थिक संभावनाएं

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का भी है।

मुख्यमंत्री राजधानी के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में उसकी सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है।

आंध्रा एसोसिएशन के 50 वर्षों के सफर की सराहना

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की यात्रा को सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट सहित प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों के योगदान की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता ने प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती दी है।

रायपुर-विशाखापत्तनम मार्ग से बढ़ेगा व्यापार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित हो रहा सड़क मार्ग छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे यात्रा का समय और दूरी कम होने के साथ माल परिवहन, व्यापार तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। दोनों राज्यों के आर्थिक संबंध भी और मजबूत होंगे।

साय ने कहा कि मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे सम्मेलन समाज के लोगों को जुड़ने, अनुभव साझा करने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन और समाज के सदस्यों को बधाई दी।

सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ