कहा—संजू की उपलब्धि ने देश के साथ पूरे छत्तीसगढ़ को किया गौरवान्वित, अनुभव से प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
रायपुर/शौर्यपथ। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय आवास/कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी की माता अमरीका बाई और पिता रामजी से भी भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संजू देवी को देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि ने भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के करोड़ों लोगों को गौरवान्वित किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की बेटी का उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
संजू ने साझा किए एशियन गेम्स के अनुभव
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स में उनके अनुभवों की जानकारी ली। संजू ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम की अजेय यात्रा और मुकाबलों के दौरान अपनाई गई रणनीतियों एवं खेल तकनीकों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि किस तरह टीम ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों के खेल को समझते हुए रणनीति बनाकर मुकाबलों में सफलता हासिल की।
अरुण साव ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच का अनुभव संजू देवी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने से मिलने वाला अनुभव प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने में मदद करेगा।
उन्होंने संजू देवी के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।