सरगुजा-सूरजपुर के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, योजनाओं की नियमित निगरानी और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें और गंभीरता व सक्रियता से दायित्वों का निर्वहन करें।
अक्टूबर तक पूरे हों निर्माणाधीन पीएम आवास
उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, स्वच्छता और शहरों की व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू हों तथा प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अक्टूबर तक निर्माणाधीन आवासों का काम पूरा करने को कहा। साथ ही राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), 15वें वित्त आयोग, अधोसंरचना तथा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग से जुड़े कार्यों की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी लाएं
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और त्योहारों से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने सड़क, पुल-पुलिया, भवन और अन्य निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन सहित पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जलापूर्ति सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। पेयजल अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
प्राथमिक शालाओं में बढ़ें खेल गतिविधियां
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए श्री साव ने ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल विभाग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और शिक्षा विभाग को संयुक्त कार्ययोजना बनाने तथा स्कूल संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा।
उन्होंने सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, खेल संघों और खेल से जुड़े लोगों को अभियान में शामिल करने तथा अधिकाधिक प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करते हैं, इसलिए स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, सरगुजा जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले तथा अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।