Print this page

नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी, विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

  • doing of business

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम रामपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम, आयुष्मान भारत से लेकर पीएम सूर्य घर योजना तक की दी जानकारी

   राजनांदगांव / शौर्यपथ / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम रामपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

नशे से दूर रहने ग्रामीणों से किया आह्वान

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनसामान्य तक सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और उनके लाभों के प्रति जागरूक करते हुए पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जनभागीदारी से साकार होगा सेवा का संकल्प

ग्राम रामपुर के सरपंच यतीश सिन्हा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज और समुदाय के प्रति सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत डोंगरगांव के उपाध्यक्ष मनीष साहू, भुवन साहू, ग्राम रामपुर के उपसरपंच भारत लाल साहू, पंच लता साहू, रोशन साहू, हरिचंद नेताम, समाज कार्य विभागाध्यक्ष ललिता साहू, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ