कवर्धा की ऐतिहासिक खप्पर यात्रा में शामिल होकर गाए जसगीत, श्रद्धालुओं से की आत्मीय मुलाकात
रायपुर / शौर्यपथ / महाअष्टमी के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित मां दंतेश्वरी, मां परमेश्वरी और मां चंडी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। रात्रि में उन्होंने कवर्धा की ऐतिहासिक खप्पर यात्रा में माता काली के दर्शन किए और श्रद्धालुओं के साथ माता सेवा में शामिल होकर जसगीत गाए।
सौ वर्षों से अधिक पुरानी है खप्पर यात्रा की परंपरा
कवर्धा में महाअष्टमी की रात्रि निकलने वाली खप्पर यात्रा को सौ वर्षों से अधिक पुरानी धार्मिक परंपरा माना जाता है। मां दंतेश्वरी, मां चंडी और मां परमेश्वरी मंदिरों से जुड़ी यह परंपरा क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता काली के स्वरूप में खप्पर धारण कर नगर भ्रमण करने की यह परंपरा सुख-शांति, सुरक्षा और लोककल्याण की कामना से निभाई जाती है।
श्रद्धालुओं के साथ भक्ति में हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खप्पर वाली माता के दर्शन कर इस प्राचीन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने दूर-दराज से पहुंचे युवाओं और श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। माता सेवा में शामिल होकर जसगीत गाए। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की खप्पर यात्रा प्राचीन धार्मिक परंपराओं और लोकआस्था की अनमोल धरोहर है। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा लोगों को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ती है। महाअष्टमी पर माता के दर्शन और श्रद्धालुओं के साथ आराधना में शामिल होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां भगवती से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।