Print this page

बड़े कनेरा की बेटी भुनेश्वरी कश्यप ने राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान

  • doing of business

शानदार खेल प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र का बढ़ाया गौरव, गांव में खुशी का माहौल

बड़े कनेरा / शौर्यपथ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े कनेरा की प्रतिभाशाली छात्रा एवं खो-खो खिलाड़ी भुनेश्वरी कश्यप ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रायगढ़ में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय खो-खो प्रतियोगिता 2026 में भुनेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भुनेश्वरी ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ बड़े कनेरा और आसपास के क्षेत्र में भी हर्ष का माहौल है।
भुनेश्वरी की सफलता पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े कनेरा के प्राचार्य जयंत कुमार मजूमदार, उपप्राचार्य पूनमचंद ठाकुर, व्यायाम शिक्षक टीकम सिंह ध्रुव सहित समस्त विद्यालय स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि भुनेश्वरी की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, गांव के जनप्रतिनिधियों ने भी भुनेश्वरी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। सरपंच प्रकाश चुरगिया, उपसरपंच सोहन कश्यप एवं सभापति गणेश मानिकपुरी ने खिलाड़ी का अभिनंदन करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।
भुनेश्वरी कश्यप की इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में भी उत्साह का संचार हुआ है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ