दुर्ग । शौर्यपथ समाचार।
पुलिस विभाग में कार्यरत जवानों की सेवा और समर्पण का सम्मान करते हुए, आज एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब सड़क दुर्घटना में शहीद हुए आरक्षक क्रमांक 1724 उपेन्द्र कुमार तिवारी की माताजी श्रीमती चंद्रकांति तिवारी को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
यह राशि पुलिस सेलरी पैकेज (P.S.P.) के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा प्रदान की गई, जो राज्य पुलिस विभाग और एसबीआई के मध्य हुए साझा एमओयू के तहत बीमा कवरेज में आती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक श्री रूपक मंडल (सेक्टर-1, भिलाई), एवं एसबीआई शाखा गंजपारा, दुर्ग के शाखा प्रबंधक श्री राहुल मोदी की उपस्थिति में चेक प्रदान किया गया।
आरक्षक उपेन्द्र कुमार तिवारी की 26 दिसंबर 2024 को एक दुखद सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। वे जिला पुलिस बल, दुर्ग में सेवाएं दे रहे थे और अपने कर्तव्यों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन कर रहे थे। उनका यह बलिदान पूरे पुलिस विभाग के लिए एक प्रेरणा बन गया है।
पुलिस सेलरी पैकेज के तहत एसबीआई द्वारा पुलिसकर्मियों को दुर्घटना के कारण मृत्यु, स्थायी पूर्ण विकलांगता या आंशिक विकलांगता की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाती है, जो कि जवानों और उनके परिवारों के लिए एक आश्वस्ति का कार्य करता है।
इस पहल को देखकर अन्य पुलिसकर्मियों में सुरक्षा की भावना और सिस्टम के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर शहीद आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। यह बीमा पैकेज न केवल एक आर्थिक सहायता है, बल्कि यह पुलिस जवानों के योगदान और बलिदान की सामाजिक स्वीकृति और मान्यता का प्रतीक भी है।