Google Analytics —— Meta Pixel
March 23, 2026
Hindi Hindi
शौर्यपथ

शौर्यपथ

  भिलाई। शौर्यपथ । भिलाई बचाओ आंदोलन के दूसरे चरण में रविवार को जनआक्रोश सड़कों पर नजर आया। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों परिवारों, व्यापारियों और बीएसपी से जुड़े लोगों ने सिविक सेंटर पार्किंग से सेक्टर-5 स्थित 25 मिलियन चौक तक लगभग 1000 कदम की मौन पदयात्रा निकालकर BSP (सेल) प्रबंधन के निर्णयों के खिलाफ विरोध जताया।
इस पदयात्रा में बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारी, लीजधारी, टाउनशिप के व्यापारी, रिटेंशनधारी परिवारों के सदस्य, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से एकजुटता दिखाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
आंदोलन के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि 30 दिनों के भीतर बीएसपी प्रबंधन जनहित में निर्णय नहीं लेता है, तो इस्पात भवन का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के आधार पर कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया है।
पदयात्रा में महापौर नीरज पाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, हाउस लीज संघर्ष समिति के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों (सीटू, एटक, एक्टू, एचएमएस) के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भिलाई बचाओ आंदोलन के इस चरण ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

रायपुर । शौर्यपथ ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया में आयोजित वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शांति, सुरक्षा, खुशहाली और सुशासन के मूल मंत्र के साथ प्रदेशवासियों की समृद्धि सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री साय ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जीवन को साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल बताते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजों के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा और समाजहित के मूल्यों को अपनाएं।
उन्होंने लोधी समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज ऐतिहासिक रूप से वीरता, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के लिए जाना जाता है और आज भी देश-प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहा है।

विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—

कवर्धा के वार्ड क्रमांक 26 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये
सहसपुर-लोहारा में यज्ञशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपये
युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मिनी स्टेडियम निर्माण

जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत अब तक 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि ‘रामलला दर्शन योजना’ के माध्यम से 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं, वहीं बस्तर और सरगुजा में ओलंपिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान को स्मरण करते हुए समाज से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

  रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी स्थित निवास कार्यालय में "इनोवेशन महाकुंभ 1.0" के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के कुलपति श्री मनोज श्रीवास्तव और स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक श्री जगदीश पटेल भी उपस्थित रहे।
बस्तर के युवाओं में नवाचार,उद्यमिता और स्वरोजगार में तकनीक आधारित विकास हेतु “ इनोवेशन महाकुंभ 1.0 का आयोजन आगामी 4 एवं 5 मई को किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर और स्वावलंबी भारत अभियान, पीएम ऊषा एवं इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के साथ किया जाएगा। जिसमें एनआईटी रायपुर,आईआईएम रायपुर,आईआईटी भिलाई, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् की भी सहभागिता होगी।

कसडोल में कंवर समाज सामुदयिक भवन तथा पलारी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपए की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गोंडवाना आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हुए शामिल

रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में बावनगढ़ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तुरतुरिया माता महासभा लवन के तत्वावधान में आयोजित गोंड़वाना आदर्श सामूहिक विवाह समारोह मे शामिल हुए। इस मौके पर श्री साय ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पारम्परिक गोंडी रीति-रिवाज से दाम्पत्य सूत्र में बंधे 28 नवविवाहित जोड़ों क़ो आशीर्वाद व सुखमय दाम्पत्य जीवन की बधाई एवं शुभकामनायें दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाज के पदाधिकारियों की मांग पर कसडोल नगर में कंवर समाज सामुदयिक भवन व नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपए और ग्राम ओड़ान में बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही ग्राम ओड़ान के शनिमंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा हमारी सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। गोंडवाना संस्कृति के मानने वाले हमारे सभी आदिवासी भाई प्रकृति के पुजारी हैं। आप लोगों ने जल,जंगल और जमीन की सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए इस साल हम लोगों ने 200 करोड़ रूपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसी तरह जनजातीय समुदाय के समग्र विकास की दिशा में प्रधानमंत्री जनमन योजना मील का पत्थर साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। हम लोगों ने आदिवासी परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सम्मान निधि प्रारम्भ किया है, जिसके माध्यम से बैगा, गुनिया और सिरहा को हर साल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे आदिवासी भाइयों का आय का एक बड़ा स्रोत वनोपज और तेंदूपत्ता संग्रहण है। हम लोगों ने तेंदूपत्ता संग्रहण का दाम 4 हजार रूपये से बढ़ाकर 5500 रूपये प्रति मानक बोरा किया है। जंगल जाने, वनोपज का संग्रहण करने वाले आदिवासी भाई- बहनों के पैरों में कांटे न चुभे, इसका भी इंतजाम हमारी सरकार ने फिर से किया है। इस साल चरण पादुका वितरण भी किया जाएगा। तेन्दूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका प्रदान करने के लिए बजट में 60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सामूहिक विवाह बहुत ही अच्छी पहल हैं। इस तरह के आयोजन से न केवल समाज संगठित होता है, बल्कि फिजूलखर्ची पर भी रोक लगती है। उन्होंने कहा कि अभी 10 मार्च को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से 6 हजार से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे प्रदेश में संपन्न हुआ जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल किया गया है।
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहु सहित अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

शहीद वीर नारायण सिंह एवं वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का किया अनावरण

रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में गोंड समाज के पवित्र पूजा स्थल पर आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से बड़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह एवं वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट प्रेरणा का स्रोत है। इसी प्रकार रानी दुर्गावती ने अपने अदम्य साहस और स्वाभिमान से गोंडवाना की गरिमा को अक्षुण्ण रखा। मुगल सेना के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय उन्होंने रणभूमि में वीरगति प्राप्त कर मातृभूमि के प्रति अपने समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, उपाध्यक्ष पवन साहू, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

शौर्यपथ महासमुंद / ब्यूरो: संतराम कुर्रे

महासमुंद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल खल्लारी मंदिर क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग 11 बजे एक दर्दनाक रोप-वे दुर्घटना हो गई। इस हादसे में 17 लोग घायल हो गए, जबकि रायपुर के राजा तालाब निवासी 28 वर्षीय आयुषी की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भर्ती कराया गया। इनमें से 4 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मौके पर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती नमिता मारकोले, तहसीलदार नितिन ठाकुर सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम तत्काल पहुंची और राहत कार्यों का समन्वय करते हुए घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि घायलों का समुचित उपचार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

एसडीएम नमिता मारकोले के अनुसार घायलों में गोविंद स्वामी, नमिता स्वामी, अंशुका स्वामी (महासमुंद), हेमलाल नागेश्वर, रतन नागेश्वर, हेमिन, हुलसी, पूर्वी, टिया, अमलेश (टिकरापारा, रायपुर), टोमेश्वरी साहू, कुमेश साहू, हर्ष साहू (दलदल सिवनी, रायपुर), तथा ऋषभ धावरे, छ्यांश, मनस्वी (राजा तालाब, रायपुर) शामिल हैं।

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी घायलों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

  नई दिल्ली / एजेंसी / केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को व्यावसायिक एलपीजी (LPG) की उपलब्धता बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 23 मार्च 2026 से अगली सूचना तक अतिरिक्त 20 प्रतिशत एलपीजी आवंटित किया जाएगा, जिससे कुल आवंटन पूर्व-संकट स्तर के 50 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।
इससे पूर्व, राज्यों को 20 प्रतिशत एलपीजी आवंटन के साथ-साथ ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों के आधार पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन प्रदान किया गया था। इस प्रकार अब कुल 50 प्रतिशत तक व्यावसायिक एलपीजी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त 20 प्रतिशत एलपीजी का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर निम्न क्षेत्रों में किया जाएगा—
रेस्टोरेंट, ढाबे एवं होटल
औद्योगिक कैंटीन
खाद्य प्रसंस्करण एवं डेयरी इकाइयाँ
राज्य सरकारों/स्थानीय निकायों द्वारा संचालित सब्सिडी युक्त कैंटीन एवं सामुदायिक रसोई
प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर
इसके साथ ही, पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के साथ पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। संबंधित उपभोक्ताओं को अपने कार्यक्षेत्र, एलपीजी उपयोग और वार्षिक आवश्यकता का विवरण भी दर्ज कराना होगा।
मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया है कि एलपीजी प्राप्त करने के लिए सभी व्यावसायिक/औद्योगिक उपभोक्ताओं को अपने क्षेत्र की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) इकाई के साथ पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के लिए आवेदन करना और आवश्यक तैयारियाँ पूरी करना अनिवार्य होगा।
इस निर्णय से खाद्य सेवा, उद्योग एवं सार्वजनिक वितरण से जुड़े क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही दीर्घकालिक रूप से पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने में भी सहायता मिलेगी।

   रायपुर / शौर्यपथ / राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर में मेगा तकनीकी महोत्सव ‘अनंत्य 2026’ का भव्य शुभारंभ रविवार को रायपुर के कलेक्टर एवं आईएएस अधिकारी गौरव कुमार के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उद्घाटन समारोह में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की इनोवेशन काउंसिल की संकाय प्रभारी एवं समन्वयक डॉ. रम्या सेल्वराज के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने ‘अनंत्य 2026’ को एक राष्ट्रीय मंच बताते हुए कहा कि यह देशभर के NIT, IIT और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों को नवाचार और सहयोग के लिए एक साथ लाता है। उन्होंने इसे केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि तकनीकी और उद्यमिता क्लबों के समन्वित संगम के रूप में परिभाषित किया, जो मानव कल्पना की असीम संभावनाओं को अभिव्यक्ति देता है।
संस्थान के कुलसचिव डॉ. एन.डी. लोंढे ने कहा कि ‘अनंत्य’ पहली बार सभी प्रमुख छात्र क्लबों के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है, जिससे यह मध्य भारत के सबसे बड़े तकनीकी आयोजनों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों को उद्योगोन्मुख समाधानों में बदलना और उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
प्रोफेसर डॉ. श्रीश वर्मा ने आयोजन टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच छात्रों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और उन्हें अपने विचारों को सार्थक परिणामों में बदलने का अवसर देते हैं। वहीं करियर डेवलपमेंट सेंटर के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेई ने इसे टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए ‘अनंत्य’ को संस्थान का पहला मेगा टेक फेस्ट और असीम अवसरों का उत्सव बताया।
मुख्य अतिथि गौरव कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए चुनौतियों को स्वीकार करने और संघर्ष को सफलता का अभिन्न हिस्सा मानने की प्रेरणा दी। उन्होंने ‘अनंत्य’ के अर्थ को “असीम संभावनाओं” से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को धैर्य, दृढ़ता और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर निरंतर बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन उद्यमिता प्रकोष्ठ के संकाय प्रभारी डॉ. आर.एन. पटेल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके साथ ही ‘अनंत्य 2026’ का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

पहले दिन तकनीक और नवाचार का उत्साह
महोत्सव के प्रथम दिवस पर परिसर में ‘विज्ञान’ प्रदर्शनी, स्टार्टअप एक्सपो, एयरो शोकेस, रोबोथॉन, बिज़ रेस्क्यू, बी-मॉडल और स्ट्रैटेजिका जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं में ‘रोबो क्विज़’ और ‘रोबोवार’ आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि ‘एआई शील्ड चैलेंज’ और ‘कॉसमोएक्स’ जैसे आयोजनों ने प्रतिभागियों को तकनीकी समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने का अवसर दिया।
इसके अलावा प्रेरक वक्ता सत्र, ‘उत्कृष्ट’, ‘वाइब कोडिंग’ और ‘डेव क्लैश’ जैसी गतिविधियों ने पूरे परिसर में नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षण का जीवंत वातावरण तैयार किया।

दुर्ग में ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई: सुंदर विहार कॉलोनी से 7 गिरफ्तार, करोड़ों के लेन-देन का खुलासा

दुर्ग। जिले में ऑनलाइन सट्टे और महादेव ऐप के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच जामुल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सुंदर विहार कॉलोनी (फेस-2) में संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई नालंदा स्कूल के पीछे स्थित एक किराए के मकान में की गई, जहां लंबे समय से अवैध सट्टा संचालन की सूचना मिल रही थी।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा। मौके पर मौजूद आरोपी लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से ‘ड्रैगन टाइगर’, ‘अंदर-बाहर’, ‘तीन पत्ती’ सहित टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए दांव लगवा रहे थे।

करोड़ों के अवैध लेन-देन का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रतिदिन 3 से 7 लाख रुपये का लेन-देन कर रहा था। पुलिस के अनुसार, अब तक इस नेटवर्क के माध्यम से करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किया जा चुका है। ट्रांजेक्शन को छिपाने के लिए आरोपी फर्जी सिम कार्ड और ‘म्यूल बैंक खातों’ का इस्तेमाल कर रहे थे।

मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • ₹1 लाख नगद
  • 16 मोबाइल फोन
  • 1 लैपटॉप
  • 7 बैंक पासबुक
  • अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
    बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
पोषण निषाद, योगेश विश्वकर्मा, गौरव तिवारी, संजय जायसवाल, चुनेश निषाद, विक्रम उर्फ विक्की सिंह और उदल।

कड़ी कार्रवाई के संकेत
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच जारी है।

   बालोद / शौर्यपथ / राज्य शासन के मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गुरूर विकासखण्ड के सेवा सहकारी समिति मर्यादित सनौद में प्रधान मंत्री अन्न दाता आय संरक्षण अभियान (पी.एम.आशा) के तहत रबी विपणन वर्ष 2026-27 में प्राईस सर्पोट स्कीन अंतर्गत समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी प्रारंभ की गई। योजनांतर्गत खरीदी का शुभारंभ विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ कृषकों की उपस्थिति में किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि सेवा सहकारी समिति सनौद में शुभारंभ के दिन 08 कृषकों द्वारा कुल 140 क्विंटल चना का विक्रय किया गया। जिसमें गणेश राम साहू पलारी ने 07 क्विंटल, रेखराम साहू पलारी ने 27 क्विंटल, उग्रसेन सिन्हा भिरई ने 14.50 क्विंटल, टेकराम साहू पलारी ने 15.50 क्विंटल प्रीतम साहू पलारी ने 18 क्विंटल, कांती साहू पलारी ने 15 क्विंटल खम्हन साहू, पलारी 26 क्विंटल, टम्पेश्वर साहू बोहारा ने 17 क्विंटल विक्रय किया। खरीदी शुभारंभ के अवसर पर पूर्व विधायक संजारी बालोद श्री प्रीतम साहू, जिला पंचायत सभापति कृषि स्थायी समिति श्री तेजराम साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत गुरूर श्रीमति सुनीता संजय साहू, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत गुरूर श्री दुर्गानंद साहू, सभापति कृषि स्थायी समिति जनपद पंचायत गुरूर श्री नरेश साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को संबोधित किया गया। उपस्थित कृषकों को उप संचालक कृषि बालोद के द्वारा अधिक से अधिक मात्रा में सहकारी समितियों के माध्यम से चना, मसूर एवं सरसों फसल का पंजीयन एवं विक्रय करने हेतु प्रेरित किया गया। खरीदी कार्य की सुचारू रूप से प्रारंभ करने में श्री सूर्य नारायण ताम्रकर सहायक संचालक कृषि, श्री महेश मार्गिया अनुविभागीय अधिकारी कृषि, श्री संतोष सिंह एन.सी.सी.एफ. श्री विनोद शर्मा नोडल अधिकारी एस.डब्ल्यू. सी. श्री सी. एल. ठाकुर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी गुरूर, श्री कुलदीप देवांगन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, श्री नंदकुमार साहू प्राधिकृत अधिकारी सनौद के साथ साथ समिति प्रबंधक श्री चन्द्रशेखर साहू का विशेष सहयोग रहा।

Page 1 of 3097

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)