दुर्ग / शौर्यपथ / नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा नशा मुक्ति पखवाड़ा के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों पर छापेमारी कर तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट और अन्य नशीले उत्पादों की बिक्री पर सख्ती से कार्रवाई की गई। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई कोटपा अधिनियम (COTPA) के अंतर्गत की।
कार्रवाई के दौरान सिकोला भाठा शासकीय स्कूल, आर्य तुलाराम स्कूल (मोहन नगर), एवं भगत सिंह स्कूल (तितुरडीह) के आसपास के पान ठेलों और दुकानों की जांच की गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं तंबाकू जब्त किए गए और संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।
टीम में बाजार विभाग, अतिक्रमण विभाग, पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल थे। अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन भी हटवाए गए।
यह विशेष अभियान अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे नशा मुक्ति पखवाड़ा के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य है – नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के विरुद्ध जागरूकता फैलाना।
नगर निगम ने यह स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि स्कूली छात्रों को नशीले पदार्थों से दूर रखा जा सके और शैक्षणिक वातावरण सुरक्षित व स्वस्थ बना रहे।