Print this page

50 हजार का कर्ज चुकाने के बाद भी मांगे 1.50 लाख! ब्याज वसूली के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार

  • doing of business

भिलाई में कथित अवैध वसूली का मामला; 3.79 लाख नकद, ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और लेन-देन की डायरी जब्त

भिलाईनगर / शौर्यपथ / दुर्ग जिले के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर अत्यधिक ब्याज वसूली और रकम चुकाने के बाद भी अतिरिक्त पैसे मांगकर धमकाने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन (42) और ज्योति निरंजन (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल ₹3,79,900 नकद के साथ ब्याज के लेन-देन की डायरी, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर जब्त किए हैं।

₹50 हजार के बदले ₹72,500 चुकाए, फिर भी अतिरिक्त मांग

पुलिस के अनुसार, वैशालीनगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2024 में ₹50 हजार ब्याज पर लिए थे और सुरक्षा के तौर पर ब्लैंक चेक व हस्ताक्षरित कोरा स्टाम्प पेपर दिया था। प्रार्थिया का आरोप है कि उन्होंने 29 सप्ताह में ₹2,500 प्रति सप्ताह के हिसाब से कुल ₹72,500 चुकाए, इसके बावजूद उनसे ₹1.50 लाख की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। भुगतान में देरी पर गाली-गलौज और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप है।

दूसरी महिला से भी वसूली के बाद धमकाने की शिकायत

इसी मामले में पूनम की सहेली सुमिता तब्बोली ने भी शिकायत में बताया कि उन्होंने ₹1 लाख उधार लिए थे और 28 सप्ताह में ₹5,000 प्रति सप्ताह के हिसाब से कुल ₹1.40 लाख चुका दिए थे। इसके बावजूद उन्हें कथित रूप से परेशान किया जा रहा था और धमकियां दी जा रही थीं।

तलाशी में नकदी और दस्तावेज बरामद

पुलिस ने अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(5), 3(5) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, बबली साहू के कब्जे से ₹99,900 नकद और एक मकान की तलाशी में करीब ₹2.80 लाख बरामद किए गए। इसके साथ लेन-देन की डायरी, ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के विरुद्ध सुपेला थाने में कर्जा एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत पहले भी दो प्रकरण दर्ज हैं। दोनों गिरफ्तार महिलाओं को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील: अवैध ब्याज वसूली, धमकी या ब्लैंक चेक व हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर के जरिए दबाव बनाए जाने पर नागरिक तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत करें।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ