कार्यालयीन व्यवस्था दुरुस्त करने निगम प्रशासन का फैसला, पूर्व में जारी आदेशों में किया गया आंशिक संशोधन
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा विभागीय फेरबदल किया गया है। निगम प्रशासन ने पूर्व में जारी आदेशों में आंशिक संशोधन करते हुए विभिन्न विभागों में पदस्थ 35 कर्मचारियों के विभागीय कार्यों और दायित्वों में बदलाव किया है।
इस प्रशासनिक बदलाव के पीछे कार्यालयीन कार्यों का बेहतर संचालन, विभागीय समन्वय में सुधार और शासकीय कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना प्रमुख उद्देश्य बताया गया है। आदेश के तहत संबंधित कर्मचारियों को उनके नवीन विभागीय दायित्वों के अनुरूप कार्यभार ग्रहण कर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम प्रशासन की इस कवायद को विभागीय कार्यप्रणाली व्यवस्थित करने और कार्यालयीन व्यवस्था में कसावट लाने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि 35 कर्मचारियों के विभागीय दायित्वों में हुए इस बदलाव से निगम के कामकाज में कितनी तेजी और प्रभावशीलता आती है।