राजीव नगर में चाकू और डंडों से किया गया जानलेवा हमला, दो नाबालिग भी वारदात में शामिल
दुर्ग। शहर के राजीव नगर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी विवाद के बाद एकजुट होकर पहुंचे आरोपियों ने चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन पर चाकू, डंडे सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चंदन की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात की है। मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और एक राय होकर मारपीट करते हुए मृतक पर धारदार हथियार एवं डंडों से हमला कर दिया। हमले में चंदन को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की रिपोर्ट मृतक के परिजन समारू राम देवांगन निवासी राजीव नगर, दुर्ग द्वारा दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद आरोपियों सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आठ वयस्क और दो नाबालिग
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में पंकज ठाकुर (28), निखिल ठाकुर (20), खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी (22), संगीता ठाकुर (35), पुष्पा ठाकुर (30), योगिता ठाकुर (18), संदीप ठाकुर (42) एवं सत्या साहू (18) शामिल हैं। ये सभी वार्ड क्रमांक 4, राजीव नगर, दुर्ग के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) एवं 331(8) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुरानी रंजिश से शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की जान जाने तक पहुंच गया। इस घटना ने एक बार फिर आपसी विवादों में हिंसा और हथियारों के इस्तेमाल से उत्पन्न होने वाले गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है।