12.06 ग्राम हेरोइन बरामद, तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड; एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
भिलाईनगर / शौर्यपथ। दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खुर्सीपार पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.06 ग्राम हेरोइन सहित कुल 3 लाख 97 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 2 लाख 41 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट रोड क्षेत्र में नहर किनारे शिव मंदिर के पास कुछ लोग चिट्टा बेच रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू (27), निवासी सेक्टर-1 भिलाई भट्ठी, मोंटी अरोरा (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई तथा मोहम्मद आफताब (24), निवासी सेक्टर-2 जामुल के रूप में हुई है।
हेरोइन, नकदी, मोबाइल और स्कूटी जब्त
तलाशी में आरोपियों के पास से 12.06 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन, 16,100 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 07 BG 2789 बरामद की गई। पुलिस ने हेरोइन की कीमत 2,41,300 रुपये, मोबाइल की 90 हजार रुपये और स्कूटी की 50 हजार रुपये बताते हुए कुल जब्ती 3,97,400 रुपये की दर्ज की है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं मोंटी अरोरा के खिलाफ मोहन नगर, जामुल और भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट, जुआ एक्ट सहित अन्य प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 521/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख), 27(क) एवं 29 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।