लंगर में प्रसाद ग्रहण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, सिख समाज को दी शुभकामनाएं
भिलाई/शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरु नानक देव जी की जयंती पर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने लंगर में प्रसाद भी ग्रहण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाना हम सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने सिख समाज के संतजनों, माताओं-बहनों एवं युवाओं को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए समाज के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की कामना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेककर लंगर ग्रहण किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सिख समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।