दुर्ग में अंधेरे से जूझती रही जनता, अब रोशनी पहुंचाने का दावा; महापौर अलका बाघमार के दो साल के कार्यकाल में प्रकाश व्यवस्था पर उठे सवाल
दुर्ग/शौर्यपथ। शहर की सड़कों और गलियों में महीनों तक पसरे अंधेरे से परेशान नागरिकों के लिए नगर निगम दुर्ग ने आखिरकार नई एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। महापौर अलका बाघमार की पहल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं संधारण का कार्य मेसर्स वाई.आर. सिंह को सौंपने की कार्रवाई की गई है। इसके लिए लगभग 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम की प्रेस विज्ञप्ति में इसे शहर के प्रत्येक वार्ड और अंतिम छोर तक रोशनी पहुंचाने की बड़ी पहल बताया गया है। लेकिन इस घोषणा के साथ ही एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि जब पुरानी एजेंसी की कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त होने वाली थी, तो नई व्यवस्था समय रहते क्यों नहीं की गई?
दरअसल, शहर में स्ट्रीट लाइट संधारण का कार्य पूर्व में ईएसएल (श्वस्रु) एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा था। निगम के मुताबिक उसकी कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद नई एजेंसी के चयन और व्यवस्था को सुचारू करने में इतना समय क्यों लगा, इसका जवाब निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है। नतीजतन, बरसात के महीनों से लेकर दीपावली सहित महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान शहर के कई इलाकों में बंद और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी रही।
त्योहारों में अंधेरा, अब रोशनी के दावे
दुर्ग शहर में दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान जहां घरों और बाजारों में रोशनी की सजावट होती है, वहीं दूसरी ओर कई सड़कों और मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटों की समस्या को लेकर नागरिकों की शिकायतें सामने आती रही हैं। बरसात के दौरान भी अंधेरी सड़कों पर आवागमन करना लोगों के लिए चुनौती बना रहा। ऐसे में सवाल यह है कि क्या शहर की प्रकाश व्यवस्था केवल त्योहारों के बाद दुरुस्त करने का विषय है या यह नगर निगम की नियमित और अनिवार्य जिम्मेदारी है?
महापौर अलका बाघमार के नेतृत्व वाली शहरी सरकार का कार्यकाल दो वर्ष पूरे कर चुका है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी नागरिक सुविधा के लिए समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बन पाना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। पुरानी एजेंसी की समय सीमा पहले से निर्धारित थी। इसलिए नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया समय रहते शुरू की जा सकती थी। यदि ऐसा होता तो नागरिकों को महीनों तक अंधेरे का सामना नहीं करना पड़ता।
13 कर्मचारियों की टीम करेगी संधारण, 1.30 करोड़ होंगे खर्च
निगम के अनुसार नई एजेंसी लगभग 13 कर्मचारियों की टीम के माध्यम से शहर के सभी 60 वार्डों में स्ट्रीट लाइटों का नियमित संधारण करेगी। विद्युत पोलों पर लगी लाइटों, सायंकालीन टाइमर व्यवस्था तथा बंद और खराब लाइटों की मरम्मत की जाएगी। जिन चौक-चौराहों और स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां आवश्यकता के अनुसार नए ट्यूबलर पोल भी लगाए जाएंगे।
महापौर अलका बाघमार ने कहा है कि शहर के प्रत्येक वार्ड और अंतिम छोर तक प्रकाश व्यवस्था पहुंचाना निगम की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने खराब लाइटों को समय पर दुरुस्त करने और संधारण में लापरवाही नहीं होने देने की बात कही है।
घोषणा नहीं, अब जवाबदेही और परिणाम की जरूरत
नगर निगम की नई पहल निश्चित रूप से स्वागत योग्य है, लेकिन नागरिकों के मन में यह सवाल स्वाभाविक है कि जब 1.30 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है, तो इसका लाभ उन्हें पहले क्यों नहीं मिला? क्या एजेंसी का कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई निविदा प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती थी? क्या निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को इस स्थिति का पूर्वानुमान नहीं था? और क्या अंधेरे से परेशान नागरिकों की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई?
महापौर के दो वर्ष के कार्यकाल के बाद अब केवल प्रेस विज्ञप्तियों में शहर के हर कोने को रोशन करने के दावे पर्याप्त नहीं होंगे। जनता को यह देखना है कि नई एजेंसी वास्तव में कितने समय में बंद लाइटें सुधारती है, शिकायतों का निराकरण कितनी तेजी से होता है और क्या सभी 60 वार्डों में नियमित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो पाती है।
सवाल सीधा है—जब शहर को रोशनी की जरूरत थी, तब व्यवस्था क्यों नहीं हुई और अब त्योहारों के गुजर जाने के बाद जारी कार्यादेश को उपलब्धि के रूप में क्यों पेश किया जा रहा है? दुर्ग की जनता को घोषणाओं की नहीं, समय पर मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की अपेक्षा है। अब निगम की असली परीक्षा नई एजेंसी के कार्यादेश से नहीं, बल्कि शहर की सड़कों पर वास्तव में जलती हुई स्ट्रीट लाइटों से होगी।