निर्दलीय से कांग्रेस और फिर भाजपा तक का सफर, अब पुराने भाजपाइयों के बीच टिकट की दावेदारी; दल बदलने की राजनीति पर भारी पड़ेंगे संगठन के समर्पित कार्यकर्ता या फिर वर्तमान पार्षद पर जताया जाएगा भरोसा?
रिसाली। रिसाली नगर पालिक निगम के आगामी चुनाव में वार्डों की सियासी बिसात बिछने लगी है। कहीं पुराने दावेदार अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में जुटे हैं तो कहीं नए राजनीतिक समीकरण टिकट की दावेदारी को दिलचस्प बना रहे हैं। लेकिन वार्ड क्रमांक 6 की कहानी कुछ अलग ही रंग दिखा रही है। यहां मुकाबला केवल टिकट पाने की दावेदारी का नहीं, बल्कि राजनीतिक निष्ठा, संगठन के प्रति समर्पण और बदलते सियासी ठिकानों के बीच भरोसे की कसौटी का भी बनता नजर आ रहा है।
वार्ड क्रमांक 6 की वर्तमान पार्षद शीला नारखेड़े की राजनीतिक यात्रा अपने आप में दिलचस्प है। पांच साल पहले उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की थी। जीत के बाद कांग्रेस का दामन थामा और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस से दूरी बनाते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। यानी चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीता, राजनीतिक सफर कांग्रेस के साथ आगे बढ़ाया और अब अगली चुनावी पारी भाजपा के टिकट पर खेलने की उम्मीद है।
अब सवाल यह है कि क्या भाजपा इस राजनीतिक सफर को अनुभव और वर्तमान पार्षद की दावेदारी के रूप में देखेगी या फिर संगठन के उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी, जो वर्षों से पार्टी का झंडा उठाकर वार्ड में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करते रहे हैं?
टिकट की दावेदारी में पुराने भाजपाइयों की परीक्षा
वार्ड क्रमांक 6 में भाजपा के ऐसे कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी है, जो लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय हैं। उन्होंने सत्ता हो या विपक्ष, पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक निष्ठा बनाए रखी। ऐसे में यदि वर्तमान पार्षद शीला नारखेड़े को भाजपा अपना प्रत्याशी घोषित करती है तो स्वाभाविक रूप से उन पुराने कार्यकर्ताओं की दावेदारी प्रभावित हो सकती है, जो वर्षों से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
पार्टी के सामने भी कम दिलचस्प चुनौती नहीं होगी। एक तरफ वर्तमान पार्षद का चुनावी अनुभव और जीत का इतिहास है, तो दूसरी तरफ संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की भावनाएं और उनकी वर्षों की मेहनत। ऐसे में भाजपा को यह तय करना होगा कि टिकट का आधार वर्तमान राजनीतिक समीकरण होगा या संगठन के प्रति पुरानी निष्ठा।
टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय रास्ता खुला रहेगा?
राजनीतिक गलियारों में एक और सवाल चर्चा का विषय बन सकता है। यदि भाजपा से शीला नारखेड़े को टिकट नहीं मिलता तो क्या वे एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगी? हालांकि यह फिलहाल केवल राजनीतिक संभावनाओं का विषय है, लेकिन उनके पिछले चुनावी सफर को देखते हुए इस सवाल को पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता।
लेकिन इस बार परिस्थितियां पहले जैसी नहीं हैं। पांच साल पहले निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मिली जीत के बाद अब उनके सामने मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता साबित करने की चुनौती भी होगी। जनता का समर्थन केवल पिछले चुनाव की जीत से तय नहीं होगा, बल्कि इस बात से भी तय होगा कि मतदाता उनके बदलते राजनीतिक सफर को किस नजरिए से देखते हैं।
कांग्रेस के लिए भी आसान नहीं होगी वापसी की राह
शीला नारखेड़े के राजनीतिक सफर में कांग्रेस का पड़ाव भी रहा है, लेकिन अब भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस की ओर से उन्हें दोबारा टिकट दिए जाने की संभावना फिलहाल कमजोर दिखाई देती है। कांग्रेस के सामने भी अपने पुराने कार्यकर्ताओं और नए दावेदारों को साधने की चुनौती होगी। ऐसे में वार्ड क्रमांक 6 में उनकी राजनीतिक वापसी का रास्ता भी फिलहाल आसान नजर नहीं आता।
सत्ता बदली, राजनीतिक पाला बदला, अब टिकट की बारी!
रिसाली नगर निगम का गठन कांग्रेस शासनकाल में हुआ था और प्रथम शहरी सरकार के रूप में कांग्रेस ने सत्ता संभाली थी। शशि सिन्हा निगम की पहली महापौर बनीं। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में सत्ता परिवर्तन हुआ और भाजपा सरकार अस्तित्व में आई। अब आगामी निगम चुनाव में उन नेताओं और दावेदारों की संख्या भी चर्चा में है, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है और अब भाजपा से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
ऐसे राजनीतिक माहौल में वार्ड क्रमांक 6 एक दिलचस्प उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। यहां सवाल किसी दल में आने-जाने भर का नहीं, बल्कि उस राजनीतिक भरोसे का है, जो किसी पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और नए शामिल हुए दावेदारों के बीच कायम होना चाहिए।
फिलहाल वार्ड की सियासत में टिकट को लेकर चर्चाओं का दौर तेज होने की संभावना है। दिसंबर के शुरुआती दिनों में आचार संहिता और उसके बाद प्रत्याशियों की घोषणा के साथ तस्वीर साफ होगी। तब तक वार्ड क्रमांक 6 में एक ही सवाल राजनीतिक चर्चाओं को गर्म रखेगा—भाजपा वर्तमान पार्षद शीला नारखेड़े पर भरोसा जताएगी या संगठन के पुराने सिपाहियों में से किसी को चुनावी मैदान में उतारेगी?
क्योंकि इस बार वार्ड क्रमांक 6 में असली परीक्षा सिर्फ चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि यह तय करने की भी है कि पार्टी में टिकट का रास्ता संगठन की वर्षों की मेहनत से निकलेगा या बदलते राजनीतिक समीकरणों से!