रायपुर / शौर्यपथ / केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े विषयों की प्रगति की समीक्षा की गई।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नया रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) से बैठक में भाग लिया। उन्होंने राज्य में संचालित प्रमुख केंद्रीय परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।
सड़क, रेलवे और बिजली परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में राजमार्ग, रेलवे लाइनों, पावर ट्रांसमिशन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों के अधिकारियों से परियोजनाओं की स्थिति, प्रगति और क्रियान्वयन से जुड़े विषयों की जानकारी ली गई।
केंद्रीय योजनाओं की राशि के समयबद्ध उपयोग पर जोर
समीक्षा के दौरान राज्यों को केंद्रीय योजनाओं के तहत प्राप्त राशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र केंद्र सरकार को भेजने पर जोर दिया गया। साथ ही प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में योजनाओं की प्रगति की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने के संबंध में भी चर्चा हुई।
केंद्रीय टास्क फोर्स की बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी विभागीय योजनाओं की राज्यों में प्रगति की जानकारी मुख्य सचिवों के साथ साझा की और संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।