
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
रायपुर / शौर्यपथ।
मेहनत, दृढ़ संकल्प और अटूट लगन से अभावों को अवसरों में बदलकर अपने विकास की कहानी लिखना संभव है। यह प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत मेंड्राकला की रहने वाली श्रीमती हरमानिया देवी राजवाड़े ने, जो कभी आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की स्कूल फीस भरने के लिए संघर्ष करती थीं। आज वही हरमानिया देवी एक सफल उद्यमी बनकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बना चुकी हैं और अपने बच्चों को बड़े शहरों में उच्च शिक्षा दिला रही हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बिहान (छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का नया सवेरा लेकर आई है। इसी योजना से जुड़कर हरमानिया देवी ने अपने जीवन की दिशा ही बदल दी।
हरमानिया देवी बताती हैं कि बिहान मिशन से जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा था। लेकिन जब वे आकांक्षा स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और समूह की अध्यक्ष बनीं, तो उनके जीवन में नई उम्मीद जगी।
समूह के माध्यम से उन्होंने पहला ऋण प्राप्त किया और अपने गांव में ही छोटी सी किराना और श्रृंगार दुकान की शुरुआत की।
लगन और ईमानदारी से किए गए प्रयासों से उनका किराना व्यवसाय सफल हुआ। व्यवसाय में सफलता मिलने के बाद उन्होंने समय पर ऋण चुकता किया और फिर आगे बढ़ते हुए दूसरा ऋण लेकर कपड़ों का व्यवसाय भी शुरू किया।
आज उनका व्यापार लगातार बढ़ रहा है और वे गांव में एक सफल महिला उद्यमी के रूप में पहचानी जा रही हैं। हरमानिया देवी कहती हैं कि “बिहान ने हमें सिखाया कि छोटे-छोटे कदमों से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।”
आर्थिक मजबूती का सबसे सकारात्मक असर उनके बच्चों के भविष्य पर पड़ा है। हरमानिया देवी गर्व से बताती हैं कि एक समय ऐसा था जब वे बच्चों को सामान्य शिक्षा दिलाने में भी असमर्थ थीं, लेकिन आज उनकी आमदनी इतनी बढ़ चुकी है कि उनके बच्चे बिलासपुर जैसे बड़े शहर में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
वे अब बिना किसी कठिनाई के बच्चों की पढ़ाई और फीस की जिम्मेदारी निभा पा रही हैं।
हरमानिया देवी ने अपनी सफलता का श्रेय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उनका मानना है कि बिहान योजना ने ग्रामीण महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बनने और समाज में सम्मानजनक स्थान हासिल करने का अवसर दिया है।
आज छत्तीसगढ़ में हरमानिया देवी जैसी हजारों महिलाएं बिहान मिशन के माध्यम से न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं। उनकी यह सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभर रही है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
