
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजन; देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन कारोबारियों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट हितधारकों का सम्मान
रायपुर / विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का आयोजन नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में किया गया। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना, पर्यटन कारोबार बढ़ाना और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के लिए विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाना था। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशी टूर एजेंसियों के प्रतिनिधि, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स और होम-स्टे संचालक शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन अध्यक्ष जसप्रीत भाटिया सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पर्यटन से रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति, इतिहास, विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र है। छत्तीसगढ़ में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, चित्रकोट-तीरथगढ़ जलप्रपात, सिरपुर, राजिम, भोरमदेव और बारनवापारा जैसे विविध पर्यटन संसाधन हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही है। पर्यटन विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण तथा ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाना भी लक्ष्य है। उन्होंने रायपुर की फिल्म सिटी, भोरमदेव कॉरिडोर और जशपुर के मयाली क्षेत्र की पर्यटन परियोजनाओं का उल्लेख किया।
400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां जुड़ीं
पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य पर्यटन कारोबारियों के बीच व्यावसायिक संबंध मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। बीटूबी बैठकों के माध्यम से नए टूर पैकेज और व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने के अवसर मिले हैं। उन्होंने ट्रैवल एजेंट्स से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को अपने पैकेज में शामिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई सहित प्रमुख शहरों में रोड शो और राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में सहभागिता के परिणामस्वरूप 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ी हैं।
डिजिटल तकनीक और AI से पर्यटन को नई दिशा
पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग पर्यटन सूचना, प्रचार-प्रसार, कंटेंट निर्माण और पर्यटक अनुभव बेहतर करने में प्रभावी हो सकता है। उन्होंने चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर-कैलाश-दंडक गुफाओं, मैनपाट, जशपुर, बस्तर दशहरा, सिरपुर, भोरमदेव, ढोलकल गणेश, नारायणपाल और मल्हार सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों की संभावनाएं बताईं।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने के प्रयास जारी हैं। 82 होम-स्टे लाभार्थियों के 280 से अधिक कमरों की पहचान, वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल रिजर्वेशन और निवेशक बैठकों के माध्यम से बाजार पहुंच बढ़ाने का काम किया जा रहा है। सिरपुर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान और शक्तिपीठ कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।
स्थानीय समुदायों की भागीदारी जरूरी
पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कहा कि पर्यटन को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाते हुए स्थानीय समुदायों को इससे जोड़ना जरूरी है। उन्होंने पर्यटन स्थलों को बेहतर पर्यटन उत्पाद और पैकेज में बदलने तथा डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार पर जोर दिया।
ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन अध्यक्ष जसप्रीत भाटिया ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है। शासन, पर्यटन विभाग और सभी हितधारकों को मिलकर समयबद्ध और बेहतर क्रियान्वयन के साथ आगे बढ़ना होगा।
पर्यटन क्षेत्र के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान
आयोजन में टूर ऑपरेटर्स, होटलियर्स और पर्यटन संस्थाओं के प्रमोशनल स्टॉल लगाए गए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और धमतरी जिला प्रशासन ने भी पर्यटन स्थलों के प्रचार के लिए स्टॉल लगाए। बीटूबी बैठक में पर्यटन पैकेज, व्यावसायिक साझेदारी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को छत्तीसगढ़ लाने पर चर्चा हुई।
पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार भी दिए गए। बेस्ट टूरिज्म डिस्ट्रिक्ट प्रमोशन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेस्ट इको टूरिज्म साइट तक्षक भोरमदेव, बेस्ट होटल एम्बिशन जगदलपुर, बेस्ट टूर ऑपरेटर डी. रमेश कैंप वन्स, बेस्ट टूरिज्म स्टार्टअप हेरिटेज वाला के शिवम त्रिवेदी, बेस्ट एडवेंचर टूर ऑपरेटर ट्रिपी हिल्स जशपुर के सौरभ सिंह और बेस्ट होम-स्टे धुरवा डेरा के मानसिंह को मिला।
इसके अलावा बेस्ट इन्फ्लुएंसर अनुपम सिन्हा, बेस्ट टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर/स्टार परफॉर्मर CTB डोंगरगढ़ के श्रीनिवास राव एवं टीम तथा बेस्ट स्टार परफॉर्मर रिसॉर्ट CTB इको हरेली रिसॉर्ट, बारनवापारा के सुभाष ठाकुर एवं टीम को सम्मानित किया गया। पुरस्कार के साथ ₹11,000 का चेक, मोमेंटो और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
