
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
वनोपज के लिए एनपीओपी प्रमाणन पाने वाली प्रदेश की पहली महिला किसान उत्पादक कंपनी बनी माँ दंतेश्वरी एफपीसी
1,080 महिला शेयरधारकों और 2,100 वनोपज संग्राहक महिलाओं से जुड़ी कंपनी ने दो वर्षों में किया एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार
रायपुर । बस्तर की महिला किसानों और वनोपज संग्राहकों के उत्पादों को अब राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। वनोपज के लिए राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (एनपीओपी) के अंतर्गत जैविक प्रमाणीकरण प्राप्त करने वाली प्रदेश की पहली महिला किसान उत्पादक कंपनी बनी माँ दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग, बेहतर ब्रांडिंग और निर्यात की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शर्मा ने दंतेवाड़ा सर्किट हाउस में कंपनी की पदाधिकारियों और महिला सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें अपने ‘दण्डक ब्रांड’ का चावल भेंट किया। चर्चा में दण्डक ब्रांड को छत्तीसगढ़ के ‘छत्तीसकला’ ब्रांड से जोड़कर व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
जैविक प्रमाणन से खुलेंगे बाजार के नए रास्ते
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि एनपीओपी प्रमाणन मिलने के बाद दण्डक ब्रांड के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ उनकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को निर्यात के लिए आवश्यक तैयारियां करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर के प्राकृतिक वनोपज की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं का लाभ स्थानीय महिलाओं और वनोपज संग्राहकों तक पहुंचना चाहिए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और आजीविका के नए अवसर विकसित हों।
श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका को बढ़ावा दे रही है। बस्तर के ऐसे गांवों के कृषि उत्पादों और वनोपज को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप जैविक प्रमाणीकरण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जहां परंपरागत रूप से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं हुआ है। इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
1,080 महिला शेयरधारक, 2,100 संग्राहकों को लाभ
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत वर्ष 2023 में दंतेवाड़ा जिले में माँ दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड का गठन किया गया था। कंपनी को हाल ही में वनोपज के लिए एनपीओपी प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह राज्य में बिहान के अंतर्गत गठित पहली किसान उत्पादक कंपनी है, जिसे वनोपज के लिए यह प्रमाणन मिला है।
कंपनी से वर्तमान में 1,080 महिला शेयरधारक प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 60 उत्पादक समूहों से संबंधित 2,100 वनोपज संग्राहक महिलाएं भी इसकी गतिविधियों से लाभान्वित हो रही हैं। कंपनी के माध्यम से महिलाओं को वनोपज के संग्रहण, खरीदी-बिक्री, मूल्य संवर्धन और विपणन के अवसर मिल रहे हैं। कंपनी ने पिछले दो वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
दण्डक ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को पहचान
महिलाओं द्वारा तैयार और संग्रहित स्थानीय उत्पादों को बाजार में विशिष्ट पहचान दिलाने के उद्देश्य से दण्डक ब्रांड की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत एचएमटी, लाल चूड़ी और बासमती चावल के साथ नीम फूल, अमचूर, इमली, महुआ, कोदो, कुटकी और रागी जैसे उत्पादों का मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और पैकेजिंग कर विपणन किया जा रहा है। कंपनी ने दंतेवाड़ा में विशेष बिक्री केंद्र भी शुरू किया है, जहां विभिन्न स्थानीय उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।
कंपनी की अध्यक्ष विमला ठाकुर ने बताया कि पहले महिलाओं द्वारा संग्रहित वनोपज की बिक्री मुख्य रूप से स्थानीय बाजारों तक सीमित थी। बिहान मिशन के सहयोग से दण्डक ब्रांड की शुरुआत और अब एनपीओपी प्रमाणन मिलने से महिलाओं में उत्साह है। इससे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और बेहतर कीमत प्राप्त करने की उम्मीद बढ़ी है।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. भार्गव सहित कंपनी की कोषाध्यक्ष सरिता ठाकुर, सचिव मीना ठाकुर और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
