November 16, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    नर्सिंग रोजगार ही नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय

    • doing of business

    जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ; 120 बेटियों को मिलेगा दो वर्षीय एएनएम प्रशिक्षण, 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं वंचित वर्गों से

       जशपुर/ शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल और जीवन की रक्षा में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं से तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता, अनुशासन और सेवाभाव विकसित करने का आह्वान किया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

    120 छात्राओं का प्रवेश, 90 प्रतिशत जनजातीय एवं वंचित वर्गों से

    छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संस्थान की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। इनमें लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं।

    कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

    स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग सेवाएं अहम

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार हैं। राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि पिछले 25 वर्षों में इनकी संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि अस्पतालों में नर्सिंग कर्मी मरीजों की निरंतर देखभाल करते हैं। उनकी संवेदनशीलता और समर्पण मरीजों के स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए छात्राएं प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी ज्ञान के साथ करुणा और सहानुभूति की भावना भी विकसित करें।

    जनजातीय गौरव दिवस और छठ पर्व पर बेटियों को सौगात

    मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना बेटियों के भविष्य के लिए सुखद पहल है। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई दी और संस्थान की स्थापना में सहयोग के लिए पैन आईआईटी एलुमनी के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया।

    विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर सरकार का जोर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिशन मोड में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे प्रदेश में केंद्रों की संख्या लगभग 3,100 हो गई है।

    कार्यक्रम को विधायक रायमुनी भगत ने भी संबोधित किया और कॉलेज के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

    वंचित वर्गों के कौशल विकास की पहल

    उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य जनजातीय समूहों सहित गरीब एवं वंचित वर्गों के युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास तथा संस्थागत सशक्तीकरण करना है। आरा का नर्सिंग कौशल कॉलेज इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने और बेटियों को रोजगार से जोड़ने की पहल है।

    इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision