
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह, 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा की 28 प्रतिभाएं सम्मानित, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
रायपुर/शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का गौरवशाली इतिहास है। स्वतंत्रता संग्राम और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों का त्याग एवं बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।
मुख्यमंत्री बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्पायु में अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही स्वतंत्रता के लिए संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता कर अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का अवलोकन कर जनजातीय नायकों के इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर समाज के विकास को नई दिशा दी और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। वर्तमान में प्रधानमंत्री जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना से भी जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों तथा छात्रावासों के विस्तार के साथ ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह जैसे नायकों ने देश एवं समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने और सामाजिक एकता मजबूत करने का आह्वान किया। वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने जनजातीय समाज की पारंपरिक जीवनशैली, जड़ी-बूटियों के ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ प्रामाणिक इतिहास लेखन पर जोर दिया।
28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई तथा जनजातीय नायकों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। सर्व आदिवासी समाज ने विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी गई। वहीं शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
