November 22, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    जशपुर के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे हुनर Featured

    • doing of business

    अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था PCGI से लेंगे रॉक क्लाइंबिंग गाइड का प्रशिक्षण, दिसंबर में बेंगलुरु में होगा आयोजन
    हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बना चुके हैं ‘विष्णु देव रूट’, अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन से साहसिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचल जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं ने अपनी प्रतिभा और साहस के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिले के पांच युवाओं का चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण से जशपुर में साहसिक पर्यटन को नई संभावनाएं मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के रास्ते खुलेंगे।

    प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन्हें रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों, जोखिम प्रबंधन और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित होगा। प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने पर चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा जशपुर को वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी और युवाओं की प्रतिभा के माध्यम से भारत को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

    हिमालय की चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’

    जशपुर के इन युवाओं की उपलब्धियों का सफर भी खासा प्रेरणादायक रहा है। वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल आरोहण किया था। इस दौरान युवाओं ने एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ नाम दिया गया। अल्पाइन शैली में संपन्न इस अभियान में युवाओं ने साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

    वर्ष 2024 से शुरू हुई पहल अब अंतरराष्ट्रीय मुकाम की ओर

    जशपुर में साहसिक पर्यटन और आदिवासी युवाओं को पर्वतारोहण का प्रशिक्षण देने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें पहाड़ी बकरा एडवेंचर संस्था ने युवाओं को प्रारंभिक प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर के अभियानों में अपनी प्रतिभा साबित की। वर्ष 2026 में पर्वतारोही तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन भी प्राप्त हुआ।

    स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

    जशपुर की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन की व्यापक संभावनाएं रखते हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये युवा पेशेवर रॉक क्लाइंबिंग गाइड के रूप में पर्यटकों को सेवाएं दे सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में रोजगार के अवसर विकसित होंगे।

    जिला प्रशासन की पहल से स्थानीय आदिवासी युवाओं को पर्यटन गतिविधियों के संचालन, प्रबंधन और उद्यमिता से भी जोड़ा जा रहा है। होमस्टे, कृषि पर्यटन, मोटरबाइक अभियान और जनजातीय संस्कृति से जुड़े पर्यटन अनुभवों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

    जशपुर के पांच युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन जनजातीय अंचल की प्रतिभा और संभावनाओं को रेखांकित करता है। यह पहल सफलतापूर्वक आगे बढ़ती है तो जशपुर साहसिक पर्यटन के साथ स्थानीय युवाओं के कौशल, रोजगार और उद्यमिता का भी नया केंद्र बन सकता है।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision